हड़कंप: मेट्रो का भारी-भरकम सेंगमेंट धड़ाम से गिरा, मची अफरा-तफरी, बड़ा हादसा टला

मेट्रो का भारी-भरकम सेंगमेंट धड़ाम से गिरा, मची अफरा-तफरी, बड़ा हादसा टला
  • शुक्रवार की रात को मेट्रो के रीच 3 में बड़ा हादसा
  • भारी-भरकम सेंगमेंट 2 मीटर की उंचाई से धड़ाम से नीचे गिर गया

Nagpur News. हिंगना में शुक्रवार की रात को मेट्रो के रीच 3 में बड़ा हादसा हुआ। सैकड़ों किलो का भारी-भरकम सेंगमेंट 2 मीटर की उंचाई से धड़ाम से नीचे गिर गया। तेज आवाज से लोग घबरा उठे। कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि किसी को कोई चोट नहीं आई है, पर कुछ देर के लिए काम जरूर प्रभावित हुआ। मेट्रो प्रशासन के अनुसार, इस घटना के बाद ऐहतियात बरतने के निर्देश के साथ जांच के आदेश दिये गये हैं।

रूटीन प्रक्रिया चल रही थी

इन दिनों शहर में महामेट्रो फेज-II का निर्माण कार्य शुरू है। सड़कों पर एलिवेटेड मार्ग बनाया जा रहा है। इसी कार्य के दौरान शुक्रवार की रात को करीब 7.30 बजे रीच-3ए हिंगना-लोकमान्य नगर सेक्शन के बीच तकनीकी खराबी सामने आते दिखी। ठेकेदार कंपनी एम/एस कल्पतरु द्वारा तैनात लॉन्चिंग गर्डर के माध्यम से सेगमेंट उठाने की रूटीन प्रक्रिया चल रही थी। पांच सेगमेंट को सही तरह से ऊपर चढ़ाया गया, लेकिन इसी दौरान आखिरी लॉन्चिंग गर्डर की बाईं ओर (एलएचएस) के विंच में तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई।

विंच की वायर रोप टूट गई

महामेट्रो अधिकारी और कर्मचारी तत्काल अलर्ट हो गए। उन्होंने स्थापित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर (एसओपी) के अनुसार तुरंत सुधारात्मक कदम उठाए। प्रभावित सेगमेंट को सुरक्षित रूप से बैरिकेडेड क्षेत्र में दोबारा स्थापित किया गया और प्रशिक्षित इंजीनियरों ने लगभग 6 मीटर की ऊंचाई से इसे नियंत्रित तरीके से नीचे लाने की प्रक्रिया शुरू की। सेगमेंट को जमीन से महज 2 मीटर की ऊंचाई तक लाया गया था कि अचानक बाईं ओर के विंच की वायर रोप टूट गई। इससे सेगमेंट नीचे गिर गया।

जांच के आदेश

महामेट्रो ने इस संबंध में आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि सभी निर्माण गतिविधियां सख्त सुरक्षा निगरानी और निर्धारित परिचालन प्रोटोकॉल के तहत ही संचालित की जा रही हैं। इस घटना के कारणों की गहन जांच महामेट्रो के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जा रही है। जांच पूरी होने तक उक्त लॉन्चिंग गर्डर का उपयोग रोका गया है और अन्य सभी उपकरणों की भी अतिरिक्त जांच के आदेश दिए गए हैं।

सड़क पर आवागमन तेज था

घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस घटना के बाद कुछ समय के लिए निर्माण कार्य रोक दिया गया। स्थानीय नागरिकों और नगर परिषद के स्वच्छता सभापति बालू मोरे, पानी आपूर्ति सभापति नितिन साखले ने मेट्रो निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए घटना की गहन जांच करने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय हिंगना मार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी अधिक रहती है।

Created On :   15 March 2026 8:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story