- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- डीपीएस पूलम्पिक्स-4 में विदर्भ के...
एजुकेशन भास्कर: डीपीएस पूलम्पिक्स-4 में विदर्भ के विभिन्न विद्यालयों के युवा तैराकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, एलआईटी इनोवेट में छात्रों का सम्मान

Nagpur News. कामठी रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में अंतर-विद्यालय तैराकी प्रतियोगिता "पूलम्पिक्स-4' का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में शहर और विदर्भ के विभिन्न विद्यालयों के युवा तैराकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना तथा उन्हें अपनी तैराकी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना था। प्रतियोगिता बालक और बालिका वर्ग के अंडर-10, अंडर-12 और अंडर-14 आयु समूहों में आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने फ्रीस्टाइल, ब्रेस्टस्ट्रोक, बैकस्ट्रोक, बटरफ्लाई और रिले रेस की 50 और 100 मीटर स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में डॉ. जयप्रकाश दुबळे मुख्य अतिथि और जयंत दुबले विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या योगिता उमलकर ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ, जिसमें विजेताओं को पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़े -दैनिक भास्कर मीडिया पार्टनर, हर्षवर्धन जैन 5 अप्रैल को करेंगे मोटिवेट - प्रेरणा और उद्यमिता को नई दिशा
'एलआईटी इनोवेट' में छात्रों का सम्मान
उधर एलआईटी यूनिवर्सिटी में "नेशनल साइंस डे' मनाया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘साइंस में महिलाएं-एक विकसित भारत के लिए ड्राइविंग फोर्स' रही। बायोटेक्नोलॉजी सेंटर की प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष डॉ. आरती शनवारे ने स्वागत भाषण में वैज्ञानिक अनुसंधान के महत्व और विज्ञान व नवाचार में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर मेयो नागपुर के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग की प्रमुख डॉ. राधा मुंजे मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने महिलाओं की शारीरिक व मानसिक सेहत, संतुलित जीवनशैली और अच्छी नींद के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम में "एलआईटी इनोवेट 25-26' के अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और प्राध्यापकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. प्रतिभा अग्रवाल, डॉ. शिल्पा पांडे और कुलपति डॉ. अतुल वैद्य ने भी विचार व्यक्त किए।
Created On :   15 March 2026 7:37 PM IST












