- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- आदेश पहुंचा, सिलेंडर नहीं पहुंचे -...
Nagpur News: आदेश पहुंचा, सिलेंडर नहीं पहुंचे - गैस कंपनी के अधिकारियों की मनमानी से उपभोक्ताओं में रोष

Nagpur News. राज्य सरकार ने कमर्शियल सिलेेंडरों की किल्लत को लेकर जारी घमासान के बीच 13 मार्च को आदेश जारी करके अस्पताल, स्कूल, होस्टेल, आश्रमशाला, इंडस्ट्री व होटलों को कितनी संख्या में सिलेंडर की आपूर्ति की जाए, इस संबंध में आदेश जारी किया। आदेश तो जिलाधीश तक पहुंच गए, लेकिन आदेश पर अमल होता दिखाई नहीं दे रहा। गैस कंपनियों के अधिकारियों की मनमानी से उपभोक्ताओं में भारी रोष है। आदेश के बावजूद गैस वितरकों के पास पर्याप्त मात्रा में कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध नहीं है। गैस कंपनियों की मनमानी से जिला प्रशासन व गैस एजेंसी के वितरकों की बदनामी हो रही है।
आदेश के बावजूद आपूर्ति नहीं
नागपुर शहर में हर दिन 1200 कमर्शियल सिलेंडरों की जरूरत होती है। शासकीय अस्पताल, शिक्षा संस्था, शासकीय होस्टेल, श्मशानघाट, वृद्धाश्रम, अनाथाश्रम, सुधार गृह में 100 फीसदी सिलेंडर आपूर्ति करने के आदेश राज्य सरकार ने जारी किए हैं। होटल, संरक्षण क्षेत्र, सार्वजनिक क्षेत्र, रेलवे, पुलिस विभाग में 70 फीसदी और महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल, आैषधि उद्योग, बीज प्रक्रिया व मत्स्य पालन को 50 फीसदी कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति करने के आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के बावजूद उद्योगों व होटलों में 70 फीसदी सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं हो रही है।
यह भी पढ़े -गुढ़ी पाड़वा पर ऑटो सेक्टर में रफ्तार, दोपहिया की रिकार्ड बुकिंग - हजारों वाहनों की डिलीवरी की तैयारी
अधिकारियों ने जारी नहीं किए नंबर
घरेलू व कमर्शियल सिलेंडरों की किल्लत को दूर करने के लिए जिलाधीश डॉ. विपिन इटनकर दो बार बैठक लेकर कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दे चुके हैं। स्थिति में तेजी से सुधार नहीं होने से जिलाधीश ने गैस कंपनी के अधिकारियों पर नाराजी भी व्यक्त की। गैस कंपनी के संबंधित अधिकारियों ने अभी तक अपने मोबाइल नंबर जारी नहीं किए। लोग परेशान होने पर सीधे गैस एजेंसी व खाद्यान्न आपूर्ति अधिकारी को ही निशाने पर ले रहे हैं। गैस कंपनी के अधिकारियों के रवैये से जिला प्रशासन के अधिकारी भी परेशान हो गए हैं। खाद्यान्न आपूर्ति विभाग ने सोमवार को तीनों गैस कंपनी के अधिकारियों की बैठक बुलाई है।
Created On :   15 March 2026 8:51 PM IST













