- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मालेगांव में भीषण हादसा - ऑटो चालक...
दर्दनाक: मालेगांव में भीषण हादसा - ऑटो चालक मृत, ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार, ट्रक चालक गिरफ्तार

Nagpur News. सावनेर थाना क्षेत्र के मालेगांव में ट्रक और ऑटो के बीच हुए भीषण सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक इलाके में भारी यातायात जाम की स्थिति बन गई और ग्रामीणों में तीव्र रोष देखने को मिला। जानकारी के अनुसार ऑटो क्रमांक (एमएच-31, सीवी- 5904) का चालक इंद्रजीत नत्थू निकोसे (51) मालेगांव, निवासी नागपुर की ओर जा रहा था। इस बीच विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक क्रमांक (आरजे-09, जीडी -3397) के चालक ने अपना वाहन तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए ऑटो को टक्कर मार दी। मालेगांव के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने से हुई जोरदार टक्कर में ऑटो चालक इंद्रजीत की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रक चालक गिरफ्तार
घटना का पता चलते ही सामाजिक कार्यकर्ता हितेश बंसोड़ ने सावनेर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक उमेश पाटील को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सावनेर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। हालांकि हाईवे पुलिस के देर से पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी व्यक्त की। एम्बुलेंस से घायल ऑटो चालक को सावनेर के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में ही इंद्रजीत को मृत घोषित कर दिया। पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया गया। ट्रक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
आक्रोश, चक्काजाम
ग्रामीणों ने बताया कि इस स्थान पर फ्लाई ओवर का काम लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिसके कारण यहां बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। शनिवार को हुए हादसे के बाद ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए चक्का जाम कर दिया। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। सावनेर पुलिस और हितज्योति आधार फाउंडेशन की मदद से यातायात को दोबारा सुचारू किया गया। जल्द से जल्द पुल का काम पूरा करने की मांग ग्रामीणों ने की है।
एनएचएआई और ठेकेदार की बैठक
डॉ. आशीष देशमुख, विधायक, सावनेर-कमलेश्वर विस क्षेत्र के मुताबिक मालेगांव में फ्लाई ओवर का काम जनवरी के अंत तक पूरा होना था, लेकिन कुछ कारणों से इसमें देरी हुई है। जल्द से जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही मृतक के परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
Created On :   15 March 2026 9:50 PM IST













