- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- जीवंत हुई अभिमन्यु की शौर्यगाथा...
मंच पर चक्रव्यूह: जीवंत हुई अभिमन्यु की शौर्यगाथा श्रीकृष्ण के रूप में डॉ. नितीश भारद्वाज ने जीता दिल, दंग रह गए दर्शक

Nagpur News. महाभारत की अमर कथा और अभिमन्यु की अद्वितीय वीरता को मंच पर जीवंत करता हिंदी महानाट्य "चक्रव्यूह' कलाप्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव बन गया। कुरुक्षेत्र के युद्ध के 13वें दिन की घटना पर आधारित इस नाट्य प्रस्तुति ने न केवल अभिमन्यु की शौर्यगाथा को दर्शाया, बल्कि धर्म, कर्म और जीवन के संघर्षों को भी गहराई से प्रस्तुत किया। दो दिवसीय "कला महोत्सव' के समापन अवसर पर हुए इस महानाट्य ने दर्शकों को भावनात्मक और वैचारिक रूप से जोड़ दिया। साउथ सेंट्रल जोन कल्चरल सेंटर नागपुर द्वारा मिनिस्ट्री ऑफ कल्चर के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव का समापन इसी प्रभावशाली प्रस्तुति के साथ हुआ। इस अवसर पर केंद्र की निदेशक आस्था कार्लेकर ने सुप्रसिद्ध अभिनेता डॉ. नितीश भारद्वाज तथा अन्य कलाकारों का स्वागत किया।
160 से अधिक मंचन
"चक्रव्यूह' महानाट्य में डॉ. नितीश भारद्वाज ने श्रीकृष्ण की भूमिका निभाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नाटक का लेखन और निर्देशन अतुल सत्य कौशिक ने किया है। नाटक में महाभारत के युद्ध के दौरान अभिमन्यु के वध की घटना का विश्लेषण करते हुए उसे आधुनिक जीवन के संघर्षों से जोड़ा गया। श्रीकृष्ण के रूप में डॉ. भारद्वाज ने कर्म के महत्व और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उल्लेखनीय है कि टेलीविजन के प्रसिद्ध महाभारत धारावाहिक में श्रीकृष्ण की अमर भूमिका निभाने वाले डॉ. भारद्वाज की यह प्रस्तुति दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। अब तक इस महानाट्य के 160 से अधिक सफल मंचन हो चुके हैं।
कलाप्रेमियों की उपस्थिति
इस सांस्कृतिक आयोजन का सूत्र संचालन श्वेता शेलगांवकर ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहर के कलाप्रेमियों और दर्शकों ने भाग लिया। नाट्य प्रस्तुति के दौरान कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय और मंचन को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों की गूंज से सभागार को भर दिया।
Created On :   15 March 2026 6:36 PM IST












