Nagpur News: नागपुर में 3 किमी के दायरे पर शिक्षा विभाग की चुप्पी

नागपुर में 3 किमी के दायरे पर शिक्षा विभाग की चुप्पी
  • पोर्टल पर नहीं आ रहा स्कूलों का विकल्प
  • अदालत के आदेश पर नहीं हुआ अमल

Nagpur News शिक्षा विभाग ने आगामी शैक्षणिक सत्र में आरटीई प्रवेश प्रक्रिया में सुधार किया। नए नियम के अनुसार 1 किलाेमीटर के दायरे में आने वाले स्कूल का चयन करने का विकल्प दिया। हाईकोर्ट ने उस पर रोक लगा दी, जिससे पूर्ववत 3 किलाेमीटर के दायरे में आने वाले स्कूल का विकल्प चुनने का रास्ता साफ हो गया। उसी के साथ ऑनलाइन आवेदन की अवधि 3 तीन दिन बढ़ाने के आदेश दिए। शिक्षा विभाग ने अदालत के आदेश के एक कदम आगे जाकर 8 दिन की अवधि बढ़ा दी, लेकिन 3 किलाेमीटर के दायरे के आदेश पर शिक्षा विभाग ने चुप्पी साध रखी है।

18 तक ऑनलाइन आवेदन की सूचना जारी : आरटीई प्रवेश प्रक्रिया के पोर्टल पर शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन आवेदन भरने की तिथि 18 मार्च तक बढ़ाने की सूचना जारी कर दी है, लेकिन निवास से स्कूल का अंतर एक किलोमीटर के दायरे में कोई भी बादलाव नहीं किया है। अदालत ने एक किलाेमीटर के दायरे की शर्त पर रोक लगाने की जानकारी मिलने पर 3 किलोमीटर के दायरे में आने वाले पालकों की आवेदन भरने के लिए ऑनलाइन सेवा केंद्रों पर भीड़ लगी। आवेदन भरते समय 3 किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्कूल का विकल्प पोर्टल पर उपलब्ध नहीं होने पर निराश होकर लौटना पड़ा।

2 स्कूल, 87 सीट बढ़ीं : आरटीई पोर्टल पर पहले 640 स्कूल पंजीकृत दर्ज थे। अचानक 2 स्कूल बढ़ाकर 642 हो गए। अारक्षित सीट 6994 से बढ़कर 7081 दिखाई जा रही है। यानी पहले के मुकाबले 87 आरक्षित सीट बढ़ गई हैं।

17556 आवेदन भरे गए : आरटीई प्रवेश के लिए जिले से 17 हजार 556 ऑनलाइन आवेदन भरे गए हैं। बालक के निवास से एक किलोमीटर के दायरे में आनेवाले स्कूल का विकल्प दिए जाने से पिछले साल के मुकाबले आवेदन की संख्या काफी कम हाे गई है।

दायरा बढ़ाने पर बढ़ेंगे आवेदन : एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्कूल के विकल्प पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी। अब पूर्ववत 3 किलोमीटर के दायरे में आनेवाले स्कूल का विकल्प चुना जा सकेगा।

हालांकि, शिक्षा विभाग ने पोर्टल में आवश्यक बदलाव नहीं करने से पालकों को निराशा हुई है। पोर्टल में सुधार कर 3 किलोमीटर का दायरा बढ़ाने पर आवेदन बढ़ने की संभावना है।

Created On :   12 March 2026 2:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story