- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- चलती ट्रेन में की कराटे खिलाड़ियों...
शर्मनाक: चलती ट्रेन में की कराटे खिलाड़ियों से बदसलूकी, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए जा रही टीम की सुरक्षा पर उठे सवाल

AI Photo
Nagpur News. राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने ओडिशा के बालासोर जा रही राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय की महिला कराटे टीम के साथ चलती ट्रेन में बदसलूकी का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
अश्लील टिप्पणियां कीं
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नागपुर विश्वविद्यालय की 10 से 12 सदस्यीय महिला कराटे टीम शनिवार सुबह करीब 11 बजे ‘पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस’ से ओडिशा के लिए रवाना हुई। टीम के साथ एक महिला और एक पुरुष प्रशिक्षक भी हैं। रविवार सुबह भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद टीम ने आगे बालासोर जाने के लिए ट्रेन क्रमांक 12704 ‘फलकनुमा एक्सप्रेस’ पकड़ी। इसी दौरान ट्रेन में कुछ शरारती युवकों के समूह ने छात्राओं के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। आरोप है कि युवकों ने अश्लील टिप्पणियां कीं और उन्हें परेशान किया। उस समय दोनों प्रशिक्षक अलग-अलग बर्थ पर बैठे थे, जबकि छात्राएं ट्रेन के अलग-अलग डिब्बों में बैठी थीं, जिससे उन्हें तुरंत मदद नहीं मिल सकी।
परिजनों को दी जानकारी
घटना से घबराई कुछ छात्राओं ने अपने परिजनों को फोन कर पूरी जानकारी दी और घटना का वीडियो भी बनाकर परिवार वालों को भेजा। घटना से डरी और परेशान छात्राओं ने ट्रेन में ही रोते हुए अपनी आपबीती बताई। परिजनों द्वारा रेलवे सुरक्षा बल को फोन कर सूचना देने के बाद भी तत्काल कार्रवाई नहीं हुई, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई। हालांकि बाद में अगले स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने उन युवकों को हिरासत में लेकर ट्रेन से नीचे उतार दिया। इस घटना के बाद अभिभावकों ने सवाल उठाया है कि जब छात्राएं विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने लंबी यात्रा पर जाती हैं, तो उनकी सुरक्षा के लिए ठोस और जिम्मेदार व्यवस्था करना क्या विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी नहीं है। छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खडे हो गए हैं।
घटना ऐसे घटी
विद्यापीठ के अधिकारियों के अनुसार टीम भुवनेश्वर से बालासोर जाने के लिए फलकनुमा एक्सप्रेस में सवार हुई थी। खिलाड़ियों के पास केवल भुवनेश्वर तक ही आरक्षित टिकट थे, इसलिए आगे की यात्रा उन्हें भीड़भाड़ वाले डिब्बे में करनी पड़ी। भारी भीड़ के कारण खिलाड़ी और स्टाफ अलग-अलग दरवाजों से ट्रेन में चढ़े। इसी दौरान दरवाजे के पास खड़ी एक खिलाड़ी को धक्का लगने का आरोप लगा, जिस पर विवाद हुआ और उसने एक युवक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद कुछ अन्य युवक भी वहां जमा हो गए और थोड़ी देर के लिए हंगामा हो गया। टीम में करीब 12 खिलाड़ी, उनके कोच और मैनेजर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने बालासोर जा रहे थे।
कराटे टीम की वापसी निजी बस से कराई जाएगी
डॉ. संभाजी भोसले, खेल निदेशक के मुताबिक विद्यापीठ की लड़कियों की कराटे टीम नागपुर से भुवनेश्वर तक कन्फर्म ट्रेन टिकट से पहुंची थी, लेकिन वहां से ओडिशा के बालासोर तक आगे की यात्रा के लिए टिकट आरक्षित नहीं थी। इसलिए कोच और मैनेजर ने जनरल टिकट लेकर यात्रा करने का निर्णय लिया। उस समय धार्मिक उत्सव के कारण स्टेशन पर भारी भीड़ थी, जिससे घटना की स्थिति बनी। टीम की एक खिलाड़ी के साथ हुई बदसलूकी की शिकायत आरपीएफ में दर्ज कराई गई है। फिलहाल पूरी टीम सुरक्षित रूप से प्रतियोगिता स्थल पर पहुंच चुकी है। यह प्रतियोगिता 20 मार्च तक चलेगी और 21 मार्च को टीम की वापसी होगी। अब टीम कोच और मैनेजर को निर्देश दिया गया है कि बालासोर से भुवनेश्वर लौटते समय टीम को निजी बस से लाया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या जोखिम से बचा जा सके।
सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने जांच समिती गठित की जाएगी
डॉ. मनाली क्षीरसागर, (कुलगुरु, नागपुर विद्यापीठ) के मुताबिक विद्यापीठ इस पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। सभी छात्राएं सुरक्षित रूप से अपने प्रतियोगिता स्थल तक पहुंच चुकी हैं। हालांकि, टीम की यात्रा व्यवस्था की परिस्थितियों की समीक्षा की जाएगी। टीम के 21 मार्च को लौटने के बाद एक जांच समिति गठित की जाएगी और भविष्य में खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर भीड़भाड़ वाली स्थानीय ट्रेनों से होने वाले जोखिम से बचने के लिए निजी परिवहन की व्यवस्था भी की जाएगी। साथ ही टीम अधिकारियों को खिलाड़ियों की सुरक्षा के संबंध में उनके परिवारों को लगातार जानकारी देने के लिए भी कहा गया है।
Created On :   16 March 2026 6:15 PM IST













