- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मोबाइल मेडिकल वाहनों ने फूंकी...
बड़ी राहत: मोबाइल मेडिकल वाहनों ने फूंकी ग्रामीण मरीजों में नई जान, जिले में 14 लाख से अधिक मरीजों की जांच और उपचार

Nagpur News. जिले में शुरू की गई ‘दवाखाना आपल्या दारी’ मोबाइल मेडिकल क्लिनिक अभियान के माध्यम से दो साल में 14 लाख 29 हजार 983 मरीजों की जांच व उपचार किया गया है। गांव-गांव पहुंच रही मोबाइल मेडिकल वाहनों के माध्यम से केवल सामान्य बीमारियों का इलाज ही नहीं हुआ, बल्कि कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों का समय रहते पता चल सका है। जिससे सैकड़ों मरीजों की जान भी बचायी जा चुकी है।
सीएम के हाथों अभियान का आगाज
अभियान के दौरान 2685 मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन, 185 टीबी मरीजों और 120 कुष्ठरोगियों का इलाज शुरू कराया गया। इसके अलावा 112 लोगों में मुख कैंसर की पहचान की गई। जिनमें से 59 मरीजों की सर्जरी की गई,जबकि स्तन कैंसर के 24 मरीजों का ऑपरेशन कराया गया। इस अभियान की शुरुआत 11 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों हुई थी। नागपुर जिला परिषद, जिला प्रशासन और जिला खनिकर्म विभाग के संयुक्त प्रयास से अभियान की शुरुआत की गई।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जुड़ेगा अभियान
अभियान अंतर्गत 26 मोबाइल मेडिकल वैन के माध्यम से ग्रामीण और दुर्गम इलाकों में रहनेवाले लोगों की मुफ्त स्वास्थ्य जांच, प्राथमिक उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे वहां तत्काल स्वास्थ्य सेवा मिल रही है। उन्हें अस्पताल तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ती। अभियान के दौरान कई गंभीर बीमारियों का भी समय रहते पता चल पाया। मोबाइल क्लिनिक के माध्यम से मरीजों को विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से भी जोड़ा जा रहा है।
दो साल में 12,747 स्वास्थ्य शिविर
दिसंबर 2023 से 31 जनवरी 2026 तक जिले में कुल 12,747 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। काटोल में 1082, कामठी में 1068, रामटेक में 1061, हिंगना में 1020, पारशिवनी में 1019, नरखेड़ में 1005, भिवापुर में 1003, सावनेर में 976,मौदा में 961, नागपुर ग्रामीण में 953, कुही में 947, कलमेश्वर में 882 शिविर हुए हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार गहलोत के अनुसार यह अभियान उन गांवों में चलाया जा रहा हैं, जहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नहीं हैं अथवा स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित हैं।
Created On :   16 March 2026 8:41 PM IST












