Nagpur News: बुझ गया एक घर का चिराग, 12वीं के छात्र ने मॉल से कूद कर दी जान - परीक्षा खत्म होने के बाद भी घरवालों से कहता रहा पेपर

बुझ गया एक घर का चिराग, 12वीं के छात्र ने मॉल से कूद कर दी जान - परीक्षा खत्म होने के बाद भी घरवालों से कहता रहा पेपर
  • परीक्षा खत्म होने के बाद भी घरवालों से कहता रहा पेपर है
  • एम्प्रेस मॉल की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर खत्म की जिंदगी

Nagpur News. गणेशपेठ थानांतर्गत एम्प्रेस मॉल परिसर में एक 12वीं कक्षा के छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है। छात्र ने मॉल की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना ने परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक की पहचान जवाहरनगर, मानेवाड़ा निवासी यश सुनील झाड़े (17) के रूप में हुई है। गार्ड ने उसे जख्मी अवस्था में देखा और घटना की जानकारी पुलिस को दी। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जाता है कि वह शनिवार को ही अपने घर से निकला था और तब से लापता था।

थाने में शिकायत

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यश के पिता सुनील झाड़े अकाउंटिंग का काम करते हैं, जबकि उसका बड़ा भाई भी इसी काम में उनकी मदद करता है। यश 12वीं कक्षा का छात्र था और हाल ही में उसकी परीक्षा समाप्त हो चुकी थी। बताया जाता है कि 11 मार्च को उसकी अंतिम परीक्षा हो गई थी, लेकिन इसके बाद भी वह घरवालों से रोज यही कहकर निकलता था कि अभी पेपर चल रहे हैं। शनिवार सुबह भी वह सामान्य तरीके से घर से निकला और कुछ समय बाद वापस आया। दोपहर करीब 2 बजे उसने परिवार से कहा कि वह खेलने जा रहा है और घर से निकल गया। इसके बाद वह देर रात तक वापस नहीं लौटा। जब रात तक उसका कोई पता नहीं चला और फोन भी बंद मिला तो परिवार घबरा गया। परेशान परिजनों ने हुडकेश्वर थाने में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।

एक सप्ताह में तीसरी घटना

एक सप्ताह के भीतर यह आत्महत्या की तीसरी घटना है। इसके पहले वाडी थानांतर्गत वडधामना में लकी प्रदीप रामटेके (19) ने इंस्टाग्राम पर वाइस मैसेज डालकर घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। चर्चा है कि वह साइबर अपराध के चंगुल में फंस गया था। इसी तरह 6 दिन पहले खुशी गिरी (19) राजापेठ निवासी, ने घर के बाथरुम में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। यश झाडे द्वारा रविवार को आत्हत्या किए जाने की तीसरी घटना है। चर्चा यह भी हो रही है कि विद्यार्थियों के हाथों में स्मार्ट फोन रहने पर वह सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं। इसके चलते वह साइबर अपराधियों के चक्कर में कई बार फंस जाते हैं।

जहर खाने की कोशिश

रविवार सुबह करीब 9 बजे एम्प्रेस मॉल के दूसरे माले पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड को यश गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। गणेशपेठ पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जांच के दौरान यश के पास से पानी की बोतल और चूहे मारने का जहर भी मिला। इससे आशंका जताई जा रही है कि उसने पहले जहर खाने की कोशिश की होगी। बाद में वह मॉल की चौथी मंजिल पर गया और वहां से नीचे छलांग लगा दी, जिससे वह दूसरे माले की स्लैब पर गिरा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें पता चला कि यश शनिवार रात ही मॉल परिसर में पहुंच गया था। फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Created On :   16 March 2026 6:50 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story