पटना में जन आक्रोश महिला सम्मेलन में गूंजा 'अपना हक लेकर रहेंगे', संजय सरावगी ने कहा- जनाक्रोश घर-घर तक पहुंचेगा

पटना में जन आक्रोश महिला सम्मेलन में गूंजा अपना हक लेकर रहेंगे, संजय सरावगी ने कहा- जनाक्रोश घर-घर तक पहुंचेगा
बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सोमवार को बिहार प्रदेश के कोने-कोने से जुटी हजारों महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि 'हम अपना हक लेकर रहेंगे'।

पटना, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सोमवार को बिहार प्रदेश के कोने-कोने से जुटी हजारों महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि 'हम अपना हक लेकर रहेंगे'।

भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित ‘जन आक्रोश महिला सम्मेलन’ में आज भीषण गर्मी के बावजूद बिहार के कोने-कोने से महिलाएं पटना पहुंचीं और अपने अधिकारों की मांग को लेकर मजबूती से आवाज उठाई। लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित नहीं होने से आक्रोशित महिलाएं गांधी मैदान पहुंचीं और इसके लिए विपक्षी दलों को जिम्मेदार ठहराते हुए कांग्रेस, राजद सहित विपक्ष के सभी दलों को निशाने पर लिया।

इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित एनडीए की महिला नेत्रियों ने प्रदेश भर से जुटी महिलाओं का उत्साह बढ़ाते रहे। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इस सम्मेलन में कहा कि इस विधेयक को लेकर देश की महिलाओं में उत्साह था कि अब उन्हें भी नेतृत्व करने का मौका मिलेगा। लेकिन विपक्ष के कारण नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकसभा में पास नहीं हो सका।

उन्होंने कहा कि इस विधेयक के पास नहीं होने से नारी शक्ति के सम्मान को ठेस पहुंचा। एक ओर जहां नारी शक्ति अपमानित हुई थी, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष के लोग खुशियां मना रहे थे। देश की करोड़ों महिलाओं के मान, सम्मान को ठेस पहुंचा था। अगर महिला आरक्षण बिल पास हो जाता, तो बिहार विधानसभा में महिला जनप्रतिनिधियों की संख्या 29 से बढ़कर कम से कम 125 हो जाती। लेकिन जिस तरह राजद और महागठबंधन ने उनके अधिकार को छीना, उसे महिलाएं बर्दाश्त नहीं कर सकतीं। इस अपमान का बदला लेने के लिए आज हजारों महिलाएं यहां आई हैं।

उन्होंने कहा कि यह आक्रोश धरती पर जरूर उतरेगा। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति का अपमान ही इंडी गठबंधन की पहचान बन चुकी है। जो लोग महिलाओं को उनका हक देने से पीछे हटे हैं, वह इंडी गठबंधन यह समझ लें कि यह देश की हर बेटी, हर बहन के सम्मान का सवाल है। आज उनके अपने घरों की महिलाएं भी इस अन्याय से आहत हैं। यह जनाक्रोश अब सिर्फ पटना तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश के हर जिले से होते हुए हर घर-घर तक पहुंचेगा और नारी सम्मान के इस संघर्ष को जन-जन का आंदोलन बनाएगा।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 April 2026 2:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story