बिहार चुनाव उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की गाड़ी पर पथराव, राजद पर लगाया आरोप
लखीसराय, 6 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को मतदान जारी है। इस बीच, लखीसराय विधानसभा क्षेत्र में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के वाहन पर पथराव की खबर है। उपमुख्यमंत्री सिन्हा ने इसका आरोप राजद पर लगाया है।
बताया जा रहा है कि बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा का काफिला चुनाव प्रबंधन के सिलसिले में इलाके से गुजर रहा था। इस दौरान कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी पर कीचड़ फेंक दिया और नारेबाजी की।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना खुडियाडी गांव की है। उन्होंने बताया कि यहां सही तरीके से व्यवस्था नहीं की गई थी। उनकी गाड़ी पर जूते फेंके गए, पथराव किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह काम राजद के गुंडों ने किया है। सत्ता में आए बिना ही ये लोग गुंडागर्दी पर उतर आए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे लोगों की छाती पर बुलडोजर एक्शन होगा। इस पूरे मामले की शिकायत चुनाव आयोग से की जाएगी। एनडीए जीत रहा है, तो इन्हें तकलीफ हो रही है।
उन्होंने कहा कि सुबह पोलिंग एजेंट को लौटा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोलिंग में केंद्रीय रिजर्व फोर्स को नहीं लगाया गया है।
उन्होंने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से करने की बात कही और यह भी मांग की है कि जो भी दोषी हो, उस पर कार्रवाई की जाए।
बिहार में पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हैं। पहले चरण में 1,314 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है, जिनमें 1,192 पुरुष और 122 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार, पहले चरण में कुल 3,75,13,302 मतदाता हैं, जिनमें 1,98,35,325 पुरुष, 1,76,77,219 महिलाएं और 758 थर्ड जेंडर शामिल हैं, जो 1,314 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। 121 विधानसभा क्षेत्रों में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 45,341 है, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों में 36,733 और शहरी क्षेत्रों में 8,608 मतदान केंद्र शामिल हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 Nov 2025 3:10 PM IST












