पहला टेस्ट गंभीर ऐंठन के कारण केएल राहुल रिटायर्ड हर्ट, तीसरे सेशन में नहीं कर सके बैटिंग

पहला टेस्ट गंभीर ऐंठन के कारण केएल राहुल रिटायर्ड हर्ट, तीसरे सेशन में नहीं कर सके बैटिंग
श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के शुरुआती दिन भारतीय उप-कप्तान केएल राहुल को रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। केएल उस समय तक 162 गेंदों में 77 रन बना चुके थे। गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में शनिवार को आखिरी सेशन की शुरुआत में गंभीर ऐंठन के कारण केएल राहुल बल्लेबाजी नहीं कर सके।

गाले, 15 अगस्त (आईएएनएस)। श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के शुरुआती दिन भारतीय उप-कप्तान केएल राहुल को रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। केएल उस समय तक 162 गेंदों में 77 रन बना चुके थे। गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में शनिवार को आखिरी सेशन की शुरुआत में गंभीर ऐंठन के कारण केएल राहुल बल्लेबाजी नहीं कर सके।

दाएं हाथ का बल्लेबाज टी ब्रेक के बाद देवदत्त पडिक्कल (85 नाबाद) के साथ अपनी पारी को आगे बढ़ाने के लिए मैदान पर उतरा। ब्रेक से पहले, 51वें ओवर में दाहिने हाथ के अग्रभाग में ऐंठन के बाद राहुल ने फिजियो से उपचार भी कराया था।

हालांकि, आखिरी सेशन की शुरुआत से पहले, 34 वर्षीय राहुल ने तुरंत अंपायर को बताया कि उन्हें बहुत तकलीफ हो रही है और वह अपना बल्ला ठीक से नहीं पकड़ पा रहे हैं। राहुल के लिए स्थिति तब और खराब हो गई जब उन्हें अपने बाएं हाथ और कलाई में खिंचाव महसूस हुआ। मांसपेशियों में ऐंठन के कारण पैरों में भी तकलीफ होने से राहुल दर्द से कराहते और लंगड़ाते हुए दिखे; वह खेल जारी नहीं रख सके और टीम फिजियो की मदद से उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया।

जब राहुल वापस लौट रहे थे, तो उन्हें ड्रेसिंग रूम की सीढ़ियां चढ़ने में संघर्ष करना पड़ा और आगे के इलाज के लिए विजिटर्स ड्रेसिंग रूम तक पहुंचने के लिए भारतीय टीम के फिजियो कमलेश जैन से मदद लेते नजर आए।

इसके बाद केएल राहुल की जगह भारतीय कप्तान शुभमन गिल क्रीज पर आए और पडिक्कल के साथ जुड़े। रिटायर्ड हर्ट होने से पहले केएल राहुल ने पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए उनकी 150 रनों की साझेदारी की थी।

अपने ओपनिंग पार्टनर यशस्वी जायसवाल के जल्दी आउट होने के बाद राहुल ने पारी को संभाला था और गाले की उमस भरी परिस्थितियों में बल्लेबाजी करते हुए अपनी 21वीं टेस्ट हाफ-सेंचुरी पूरी की। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि राहुल कब तक ठीक होकर भारत की पहली पारी में दोबारा बल्लेबाजी करने के लिए लौट सकेंगे।

भारत ने 63 ओवरों के खेल तक 2 विकेट गंवाकर 239 रन बना लिए थे, जिसके बाद बारिश के चलते मैच रोका गया। जायसवाल 32 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान गिल ने 16 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। केएल राहुल (77 रिटायर्ड हर्ट) के अलावा, देवदत्त पड्डिकल 10 बाउंड्री के साथ नाबाद 107 रन बना चुके हैं। यह पड्डिकल का पहला टेस्ट शतक रहा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Aug 2026 5:26 PM IST

Tags

Next Story