पहले भाग में रहमान, तो 'धुरंधर-2' में दो नए चेहरे बटोर ले गए सारी लाइमलाइट
मुंबई, 20 मार्च (आईएएनएस)। 'धुरंधर-2' रिलीज के बाद से ही सोशल मीडिया पर छा चुकी है। रणवीर सिंह के शानदार एक्शन और अर्जुन रामपाल के अभिनय ने फैंस का दिल जीत लिया है।
फिल्म पहले पार्ट की तुलना में ज्यादा खतरनाक और रोमांचक है, लेकिन इस बार फिल्म में ऐसे ट्विस्ट डाले गए, जिनकी चर्चा रहमान डकैत के शानदार किरदार के बाद सबसे ज्यादा हो रही है। ये दोनों ही किरदार निगेटिव हैं और सोशल मीडिया पर दोनों की चर्चा सबसे ज्यादा देखने के लिए मिल रही है।
पहले बात करते हैं आतिफ अहमद की। आतिफ अहमद का किरदार यूपी के गैंगस्टर अतीक अहमद से प्रेरित है। फिल्म में आतिफ अहमद के तार पाकिस्तान से जुड़े हैं और वह बड़े स्तर पर हथियारों और जाली नोटों की तस्करी करता है। इस दमदार किरदार को सलीम सिद्दीकी ने निभाया है, जो थिएटर के पुराने कलाकार हैं और बॉलीवुड की कई फिल्मों में काम कर चुके हैं। वह इससे पहले, रक्षा बंधन, 12वीं फेल और इंडिया लॉकडाउन में भी अभिनय का जलवा बिखेर चुके हैं। हालांकि इन सभी फिल्मों में अभिनेता का किरदार छोटा रहा लेकिन धुरंधर-2 में उनके बोलने के तरीके से लेकर हाव-भाव तक गैंगस्टर अतीक अहमद से मिलते हैं, जो चाहे जेल से अंदर हो या बाहर, अपना साम्राज्य चला ही लेता है।
वहीं, दूसरा किरदार बड़े साहब का है, जो दाऊद इब्राहिम से प्रेरित है। फिल्म में बड़े साहब का स्क्रीन स्पेस बहुत कम है, लेकिन कुछ मिनट के सीन ने सोशल मीडिया पर हंगामा कर दिया। बड़े साहब वह है, जिसके लिए मेजर इकबाल काम करता है और पाकिस्तान की धरती पर रहकर भारत के लिए साजिश रचता है, लेकिन बहुत कम लोग यह जानते हैं कि बड़े साहब का किरदार दानिश इकबाल ने निभाया, जो सोशल मीडिया पर काफी कम पॉपुलर हैं।
अभिनेता ने फिल्म में दाऊद की जवानी से लेकर बुढ़ापे तक का सफर मात्र 6 मिनट के सीन में पूरा किया है। दानिश इकबाल नाना पाटेकर की 'संकल्प,' 'द हंट,' 'महारानी-3,' 'भक्षक,' और 'आखिरी सच' जैसी फिल्मों और सीरीज में दिख चुके हैं। फिल्म और सीरीज में अभिनेता का किरदार सीमित रहे हैं, लेकिन अब उम्मीद की जा रही है कि बड़े साहब का किरदार अभिनेता के करियर का टर्निंग पॉइंट साबित होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 March 2026 11:07 AM IST












