पहले टेस्ट में बांग्लादेश ने कसा शिकंजा, दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट खोकर बनाए 161 रन
डार्विन, 15 अगस्त (आईएएनएस)। बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट मैच डार्विन के मरारा क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 4 विकेट खोकर 161 रन बना लिए हैं। कंगारू टीम पहली पारी के आधार पर बांग्लादेश द्वारा ली गई 228 रनों की विशाल बढ़त से 67 रन पीछे है।
दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत एक बार फिर खराब रही। जेक वेदराल्ड को हसन महमूद ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। इसके बाद ट्रेविस हेड भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 35 गेंदों में 17 रन बनाने के बाद आउट हुए। मार्नस लाबुशेन ने आगाज तो अच्छा किया, लेकिन वह अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके और 31 रन बनाकर आउट हुए।
पहली पारी में अर्धशतकीय पारी खेलने वाले स्टीव स्मिथ 88 गेंदों का सामना करने के बाद 44 रन बनाकर पवेलियन लौटे। दिन का खेल खत्म होने तक कैमरून ग्रीन 43 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं और उनका साथ एलेक्स कैरी 19 रन बनाकर दे रहे हैं। पहली पारी में 6 विकेट लेने वाले हसन महमूद दूसरी इनिंग में अब तक 2 विकेट चटका चुके हैं। वहीं, मेहदी हसन मिराज और तैजुल इस्लाम एक-एक विकेट चटकाया है।
इससे पहले, बांग्लादेश की पूरी टीम पहली पारी में 426 रन बनाकर ऑलआउट हुई। मेहदी हसन मिराज ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 65 रनों की दमदार पारी खेली। तैजमुल इस्लाम ने 17 रनों का योगदान दिया, जबकि तस्कीन अहमद 14 रन बनाकर नाबाद रहे। टीम की तरफ से तंजीद हसन तमीम ने शतकीय पारी खेली और सर्वाधिक 101 रन बनाए। वहीं, कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो ने 126 गेंदों का सामना करते हुए 84 रन बनाए। मोमिनुल हक ने 49 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेजलवुड ने 89 रन देकर 6 विकेट चटकाए, जबकि मिचेल स्टार्क ने दो और पैट कमिंस ने एक विकेट हासिल किया। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 198 रन बनाकर सिमटी थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Aug 2026 2:23 PM IST












