पिता की याद में अपारशक्ति खुराना ने सुरों से दी श्रद्धांजलि, वीडियो शेयर कर लिखा- 'मिस यू द कूलेस्ट खुराना'

पिता की याद में अपारशक्ति खुराना ने सुरों से दी श्रद्धांजलि, वीडियो शेयर कर लिखा- मिस यू द कूलेस्ट खुराना
अभिनेता अपारशक्ति खुराना ने सोमवार को पिता पंडित पी. खुराना की जयंती पर उन्हें याद करते हुए सोशल मीडिाया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया।

मुंबई, 18 मई (आईएएनएस)। अभिनेता अपारशक्ति खुराना ने सोमवार को पिता पंडित पी. खुराना की जयंती पर उन्हें याद करते हुए सोशल मीडिाया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया।

अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर पिता को याद करते हुए वीडियो पोस्ट की। इस वीडियो में वे भारतीय संगीत वाद्ययंत्र हारमोनियम बजाते हुए मेहंदी हसन साहिब का गाना 'मुझे तुम नजर से गिरा तो रहे हो' गा रहे हैं।

अभिनेता ने अपनी वीडियो पोस्ट कर लिखा, "आज पापा का जन्मदिन है। काफी बार उनकी याद में मेहंदी हसन साहिब का 'मुझे तुम नजर से' गाता हूं। पापा हमेशा कहा करते थे, 'वह बहुत बड़े कलाकार हैं - उनको तमीज से गाया करो।' कोशिश कर रहा हूं पापा, तमीज से गाने की और बेहतर कलाकार बनने की। मिस यू अ लॉट- द कूलेस्ट खुराना।"

बता दें कि अपारशक्ति खुराना और आयुष्मान खुराना के पिता, पंडित पी. खुराना (वीरेंद्र खुराना), उत्तर भारत के एक प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य और अंकशास्त्री थे। उन्हें ज्योतिष शास्त्र में उनकी विशेषज्ञता और इस विषय पर कई किताबें लिखने के लिए जाना जाता था। 19 मई 2023 को हार्ट अटैक के कारण उनका मोहाली में निधन हो गया था। अपारशक्ति और आयुष्मान दोनों ही अपने पिता के बहुत करीब थे।

अपारशक्ति खुराना हालिया रिलीज फिल्म 'जब खुली किताब' में नजर आए थे। फिल्म की कहानी दो ऐसे बुजुर्ग दंपति के इर्द-गिर्द घूमती है, जो उम्र के आखिरी पड़ाव पर तलाक लेते हैं। फिल्म में अपारशक्ति ने आर.के. नेगी नाम के एक छोटे वकील का किरदार निभाया है। उनका किरदार एक इमोशनल और काम की तलाश में रहने वाले वकील का है, जो पंकज कपूर और डिंपल कपाड़िया के बुजुर्ग जोड़े के तलाक के मामले को संभालता है।

इसी के साथ ही, अभिनेता साउथ सिनेमा में डेब्यू करने जा रहे हैं। अभिनेता तमिल फिल्म 'रूट - रनिंग आउट ऑफ टाइम' (साइंस-फिक्शन थ्रिलर) में नजर आएंगे। इस साइंस-फिक्शन फिल्म का निर्देशन सूर्यप्रताप एस. द्वारा किया गया है और इसमें वह तमिल अभिनेता गौतम कार्तिक के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 May 2026 11:21 AM IST

Tags

Next Story