पीएम आवास योजना शहरी 2.0 के तहत पहली किस्त जारी, गौतमबुद्धनगर के 220 लाभार्थियों को मिला लाभ

पीएम आवास योजना शहरी 2.0 के तहत पहली किस्त जारी, गौतमबुद्धनगर के 220 लाभार्थियों को मिला लाभ
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत उत्तर प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में आयोजित कार्यक्रम से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से कुल 900 करोड़ रुपये की पहली किस्त लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की।

गौतमबुद्धनगर, 16 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत उत्तर प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में आयोजित कार्यक्रम से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से कुल 900 करोड़ रुपये की पहली किस्त लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की।

योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर बनाने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि उनका खुद का घर होने का सपना साकार हो सके। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद गौतमबुद्धनगर के कलेक्ट्रेट परिसर में भी किया गया।

कार्यक्रम में जेवर विधानसभा क्षेत्र के विधायक धीरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान विधायक धीरेंद्र सिंह और जिलाधिकारी ने जिले के चयनित 220 लाभार्थियों को प्रथम किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये के स्वीकृति पत्र प्रदान किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह आर्थिक सहायता उनके अपने घर के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

जिलाधिकारी ने भी सभी लाभार्थियों को योजना का लाभ मिलने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि सभी पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से योजना का लाभ मिले। साथ ही आवास निर्माण का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाएगा।

प्रभारी परियोजना अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत आज जनपद के कुल 220 लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से पहली किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है।

इनमें नगर पंचायत जेवर के 115, नगर पंचायत रबूपुरा के 58, नगर पंचायत बिलासपुर के 18, नगर पंचायत दनकौर के 15 तथा नगर पंचायत जहांगीरपुर के 14 लाभार्थी शामिल हैं।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट अरविंद मिश्रा, सहकारिता विभाग से आलोक रंजन, शहर मिशन प्रबंधक शीला कुमारी, सिविल इंजीनियर पीयूष कुमार, जिला समन्वयक आकाश शर्मा, सामुदायिक आयोजक रविंद्र सिंह समेत अन्य संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 March 2026 10:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story