पीएम मोदी का 12 साल का नेतृत्व भारत के आत्मविश्वास, सुरक्षा और विकास का स्वर्णिम अध्याय पंकज चौधरी
लखनऊ, 10 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने और देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का नया कीर्तिमान स्थापित करने के अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने देशवासियों के नाम एक खुला पत्र जारी किया है। पत्र में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को भारत की सुरक्षा, सुशासन, वैज्ञानिक प्रगति, गरीब कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए युग का आधार बताया।
पंकज चौधरी ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रवादी चेतना, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के अटूट विश्वास की विजय है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देश की जनता ने जन आकांक्षाओं की आवाज को सुनते हुए नरेंद्र मोदी को देश की बागडोर सौंपी थी और तब से लेकर आज तक उनके नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने बाहरी और आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर अभूतपूर्व मजबूती हासिल की है। सीमाओं की सुरक्षा से लेकर आतंकवाद और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण तक, भारत ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक सशक्त बनाया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत ने विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को छुआ है। चंद्रयान और मंगलयान जैसी उपलब्धियों ने भारत को वैश्विक वैज्ञानिक शक्ति के रूप में स्थापित किया है। वहीं डिजिटल तकनीक और सुशासन के माध्यम से सरकार ने अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जन-धन योजना और अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों ने करोड़ों गरीबों, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। इन योजनाओं ने न केवल लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा किया, बल्कि उनके आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को भी मजबूत किया है।
पंकज चौधरी ने कोविड-19 महामारी के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के दौर में भारत ने न केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि समय रहते वैक्सीन विकसित कर दुनिया के अनेक देशों की सहायता कर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। पीएम मोदी ने साल 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया है, वह देश के भविष्य का रोडमैप है। उनके नेतृत्व में भारत आज वैश्विक मंच पर नई प्रतिष्ठा और प्रभाव के साथ उभर रहा है।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक सेवा देने का यह कीर्तिमान केवल एक राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के विश्वास, लोकतंत्र में आस्था और विकासोन्मुखी नेतृत्व की स्वीकृति का प्रतीक है।
उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री मोदी के साहसिक, नवोन्मेषी और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने वाले नेतृत्व से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Jun 2026 1:42 PM IST












