पीएम मोदी का गुजरात दौरा, 19,800 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास

पीएम मोदी का गुजरात दौरा, 19,800 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 31 मार्च को गुजरात की यात्रा पर आएंगे। अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री वाव-थराद से भारत सरकार तथा गुजरात सरकार के कुल मिलाकर 19,806.9 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

गांधीनगर, 30 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 31 मार्च को गुजरात की यात्रा पर आएंगे। अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री वाव-थराद से भारत सरकार तथा गुजरात सरकार के कुल मिलाकर 19,806.9 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

इनमें भारत सरकार के ऊर्जा, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग तथा रेलवे मंत्रालयों के 10,921 करोड़ रुपए और गुजरात सरकार के शहरी विकास, जल संसाधन, जलापूर्ति, सड़क एवं भवन, जीआईडीसी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पर्यटन तथा आदिजाति विकास विभागों के 8,886 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास शामिल है। वाव-थराद में आयोजित इस कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी सहित भारत एवं गुजरात सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि कच्छ जिले के खावड़ा में विश्व का सबसे बड़ा हाइब्रिड रिन्यूएबल एनर्जी (आरई) पार्क निर्माणाधीन है। आगामी 31 मार्च को प्रधानमंत्री मोदी खावड़ा के आरई पार्क के लिए ऊर्जा मंत्रालय अंतर्गत 3,645 करोड़ रुपए की लागत वाले तीन प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण करने जा रहे हैं। इन प्रोजेक्ट्स द्वारा हजारों मेगावाट रिन्यूएबल एनर्जी का राष्ट्रीय ग्रिड के साथ प्रभावी जुड़ाव सुनिश्चित किया जाएगा, जिसके कारण हरित ऊर्जा की व्यापकता तथा ऊर्जा सुरक्षा मजबूत बनेगी।

इसके अलावा, भारत सरकार के सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय अंतर्गत इडर-बारडोली बाईपास फोर लेन रोड (705 करोड़ रुपए की लागत से) और धोळावीरा-मौवाणा-वोवा-सांतलपुर सेक्शन (575 करोड़ रुपए की लागत से) का शिलान्यास तथा अहमदाबाद-धोलेरा पैकेज 1 (1,298 करोड़ रुपए की लागत से), पैकेज 2 (1,415 करोड़ रुपए की लागत से), पैकेज 3 (1,034 करोड़ रुपए की लागत से) और पैकेज 4 (1,358 करोड़ रुपए की लागत से) का लोकार्पण किया जाएगा।

भारत सरकार के रेल मंत्रालय के 891 करोड़ रुपए के भी प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण किया जाएगा। इनमें हिंमतनगर-खेडब्रह्मा ब्रॉडगेज लाइन, गांधीधाम-आदिपुर के बीच क्वाड्रपलिंग तथा राजकोट-कालानुस डबलिंग प्रोजेक्ट के हिस्से के रूप में कालानुस-जामनगर डबलिंग जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं। इसी प्रकार खेडब्रह्मा-हिंतमनगर-असारवा ट्रेन को खेडब्रह्मा से हरी झंडी दिखाई जाएगी। कुल मिलाकर भारत सरकार के इन तीन मंत्रालयों के 10,921 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया जाएगा।

आगामी 31 मार्च को प्रधानमंत्री मोदी गुजरात सरकार के विभिन्न विभागों के अंतर्गत 8,886 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इनमें शहरी विकास विभागांतर्गत सर्वाधिक 5,295.5 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण-शिलान्यास किया जाने वाला है। इन प्रोजेक्ट्स में मुख्य रूप से अहमदाबाद एवं गांधीनगर के विकास कार्य शामिल हैं, जिनमें अहमदाबाद में खारीकट कैनाल विकास, अहमदाबाद महानगर पालिका की बीआरटीएस व एएमटीएस बस सर्विस का मॉडर्नाइजेशन, वर्तमान सुभाषब्रिज को तोड़कर नए फोर लेन ब्रिज का कन्स्ट्रक्शन, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (ईडब्लूएस) के लिए आवासीय घरों का निर्माण, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, ऑडिटोरियम आदि जैसे प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण-शिलान्यास शामिल हैं।

गांधीनगर में ईडब्ल्यूएस के लिए आवासीयों घरों का निर्माण, गांधीनगर महानगर पालिका के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग से अडालज टीएसपीएस तक खुले खुदाई कार्य (लंबाई: 2,420 मीटर) और माइक्रोटनलिंग (लंबाई: 3,180 मीटर) द्वारा 1,800 मिमी गटर ट्रंक डालने, पेथापुर में 15 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण, रांधेजा में 4 तालाबों की इंटरलिंकिंग तथा स्टॉर्म वॉटर लाइन बिछाने का कार्य आदि प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण-शिलान्यास किया जाएगा।

शहरी विकास विभाग के अलावा, गुजरात सरकार के जल संसाधन, जलापूर्ति, सड़क एवं भवन, जीआईडीसी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पर्यटन, आदिजाति तथा ग्रामीण विकास विभागों के भी विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया जाएगा। इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री मोदी पीएम आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत गुजरात के 34 जिलों के 38,949 आवासों में नागरिकों का गृह प्रवेश कराएंगे, जिससे राज्य के ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों के लिए अपने घर का सपना साकार होगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 March 2026 4:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story