'पीएम मोदी के नेतृत्व में सुशासन मजबूत, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा भारत', जनसेवा के 25 साल पर राजनाथ सिंह ने दी बधाई
नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसेवा के 25 साल पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में सुशासन को मजबूती मिली है और भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष और अब भारत के प्रधानमंत्री के रूप में पिछले 12 वर्षों से मोदी जी निरंतर जनसेवा में समर्पित हैं। मैं मोदी जी को इस सफल यात्रा के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।"
राजनाथ सिंह ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी यात्रा राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण का पर्याय बन चुकी है। इस पूरी यात्रा का मूल मंत्र हमेशा 'राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम' रहा है। उन्होंने कहा, "मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में जनकल्याणकारी कार्यों का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है और करोड़ों लोगों को घर, पानी, शौचालय, गैस कनेक्शन और बैंकिंग जैसी मूलभूत सुविधाएं मिली हैं।"
रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि आज हम 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के मंत्र के साथ 'विकसित भारत' के संकल्प को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। मोदी जी के नेतृत्व में सुशासन को मजबूती मिली है और भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लिखा, "आज हम विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुके हैं और विकास भी अधिक समावेशी हुआ है। युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर बढ़े हैं, उद्यमशीलता और स्टार्ट-अप्स को बढ़ावा मिला है तथा नवाचार के लिए नए अवसरों का सृजन हुआ है।"
इसके साथ ही, रक्षा मंत्री ने कहा कि आज, देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ बाहरी खतरों का भी दृढ़ता से सामना किया जा रहा है।
राजनाथ सिंह ने लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा की यह यात्रा हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। यह 25 वर्ष उनकी यात्रा का एक पड़ाव हैं, पूर्ण विराम नहीं। मेरी कामना है कि आने वाले वर्षों में भी हम उनके दूरदर्शी नेतृत्व में 'जनसेवा ही प्रभुसेवा' के संकल्प के साथ नई ऊर्जा और समर्पण से राष्ट्रसेवा के पथ पर आगे बढ़ते रहें।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Oct 2026 8:03 AM IST












