पीएम मोदी ने भारत को सुशासन और स्थायित्व का वैश्विक ब्रांड बनाने का काम किया मुख्तार नकवी

पीएम मोदी ने भारत को सुशासन और स्थायित्व का वैश्विक ब्रांड बनाने का काम किया  मुख्तार नकवी
भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों को रेखांकित किया। साथ ही, उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि आज की तारीख में भारत की पहचान वैश्विक मंच पर अलग है।

नई दिल्ली, 9 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों को रेखांकित किया। साथ ही, उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि आज की तारीख में भारत की पहचान वैश्विक मंच पर अलग है।

उन्होंने गुरुवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि 2014 से लेकर अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को सुशासन और स्थायित्व का वैश्विक ब्रांड बनाने का काम किया है। भारत आज की तारीख में वैश्विक ब्रांड संयोग से नहीं बना है, बल्कि यह उनके परिश्रम का नतीजा है। पूरी दुनिया में भारत की साख अगर बढ़ी है, तो निश्चित तौर पर इसका श्रेय अगर किसी को जाता है, तो वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।

उनके मुताबिक, 2024 से पहले किस तरह से संकट की स्थिति बनी हुई थी, यह बात किसी से छुपी नहीं है। किस तरह से कुछ लोगों ने राजनीतिक दुर्भावना से ग्रसित होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में अवधारणाओं को प्रचारित करने की कोशिश की गई, वो बात भी किसी से छुपी नहीं है। लेकिन, मैं समझता हूं कि इन तमाम दुश्वारियों को परास्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक मंच पर भारत की धाक और धमक को मजबूत करने का काम किया है, जिसकी वजह से उनकी कार्यशैली की प्रशंसा की जानी चाहिए। आज की तारीख में अमेरिका से लेकर अरब तक के लोगों का विश्वास भारत पर बढ़ा है, जिसे हम सभी लोगों को सकारात्मक संकेत के रूप में देखना चाहिए।

इसके अलावा, तमिलनाडु सरकार मुस्लिम आरक्षण के मुद्दे को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंची है, जिसे लेकर मुख्तार अब्बास नकवी ने प्रतिक्रिया दी। उनके मुताबिक, कोटे के लोटे से आरक्षण का अफीम पिलाने का धंधा अब खत्म हो चुका है। इसके बावजूद ये लोग समय-समय पर इस तरह के प्रयोग करते रहते हैं, जबकि इन लोगों को अच्छे से मालूम है कि संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण की मनाही है। इससे पहले भी ये लोग इस तरह की कोशिशें कर चुके हैं। लेकिन, इन्हें कोर्ट की ओर से निराशा ही मिलती है। इन लोगों की कोशिश है कि कैसे लोगों के बीच में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। यह लोग मुस्लिम समुदाय का अपने राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल करना चाहते हैं। लेकिन, मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि ऐसे लोगों को किसी भी प्रकार का राजनीतिक फायदा प्राप्त होने वाला नहीं है।

साथ ही, उन्होंने ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। उनके मुताबिक, राजनीति में हार जीत लगी रहती है। लेकिन, इसके मतलब यह नहीं होता है कि आप एक दूसरे पर दोषारोपण करने लग जाए। सारी राजनीतिक मर्यादाओं को तार तार करने लग जाए। मौजूदा समय में पश्चिम बंगाल में जिस तरह की स्थिति बनी हुई है, वो दुर्भाग्यपूर्ण है। कभी ये लोग कहेंगे कि हमारे ऊपर अंडा मार दिया गया, तो कभी कहेंगे कि आमलेट मार दिया गया, तो कभी कहेंगे कि थप्पड़ मार दिया गया। खैर, ये सिलसिला चलता रहेगा। लेकिन, मेरा सुझाव रहेगा कि पहले इन लोगों को आत्मचिंतन करना चाहिए कि आखिर क्यों इन्हें चुनावी मैदान में हार का मुंह देखना पड़ा। आखिर क्यों सभी लोग टीएमसी छोड़कर जा रहे हैं। अब टीएमसी के लोगों के पास करोड़ों की गठरी देखने को मिले, तो मैं समझता हूं कि ऐसे फकीरों को सलाम करना चाहिए। ये कहते थे कि हम लोग फकीर है। लेकिन, अब स्थिति ऐसी पैदा हो चुकी है कि इन लोगों को कोठरी में करोड़ों की गठरी निकल रही है।

वहीं, भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर प्रतिक्रिया दी। उनके मुताबिक, इन लोगों की स्थिति ऐसी हो चुकी है कि तुम्हीं से मोहब्बत तो तुम्हीं से नफरत। पहले यही राजनेता आम लोगों के बीच में जाकर एसआईआर को लेकर लोगों को भ्रमित करते थे। कहते थे कि ये गलत हो रहा है। इससे मतदान के अधिकार को वंचित किया जा रहा है। ऐसा नहीं होना चाहिए। लेकिन, अब यही लोग सामने आकर कह रहे हैं कि आपको इसमें हिस्सा लेना चाहिए। इससे वैध मतदाताओं की सुरक्षा मिल रही है और अवैध मतदाताओं को चिन्हित किया जा रहा है। कुल मिलाकर, ये लोग खुद एसआईआर को लेकर भ्रमित हैं। इनके पास सही जानकारी नहीं है।

इसके अलावा, उन्होंने सिंधु जल संधि पर उमर अब्दुल्ला के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आखिर ऐसा कैसे हो सकता है कि आप खून बहाओगे और हम आपको पानी पिलाएंगे। जो लोग हमारे बेगुनाह नागरिकों और सैनिकों के खून बहाएंगे, आखिर हम उन लोगों को पानी कैसे पिला सकते हैं? ऐसा नहीं हो सकता है कि आप वहां से बम की बौछार छोड़ोगे और हम आपको यहां से पानी देंगे, वो भी पीने के लिए। आप अगर खून बहाएंगे, तो हमारे लोग ऐसा तो नहीं कह सकते हैं कि हजारों फूल बरसाओ, मेरा महबूब आया है, जो आपने किया है, निश्चित तौर पर उसका जवाब सरकार की ओर से दिया जा रहा है।

वहीं, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उनके मुताबिक, 2014 से लेकर अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं। सभी देश प्रधानमंत्री मोदी का सम्मान करते हैं। अब तक 35 से अधिक देश प्रधानमंत्री मोदी को सम्मानित कर चुके हैं। इससे यह बात सिद्ध होती है कि प्रधानमंत्री मोदी विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं और यह सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी का सम्मान नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ लोगों का सम्मान है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 July 2026 4:39 PM IST

Tags

Next Story