पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के दो साल प्रह्लाद जोशी बोले, 'रूफटॉप सोलर' को तेजी से अपना रहा देश
नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के दो साल पूरे होने का जश्न मनाया गया। इसे लेकर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने इस योजना की प्रगति पर चर्चा की।
केंद्रीय खाद्य, सार्वजनिक वितरण और उपभोक्ता मामले मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि मैंने उस कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जिसमें पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के दो साल पूरे होने का जश्न मनाया गया। पीएमएसजीएमबीवाई एक ऐतिहासिक पहल है, जो भारत के ऊर्जा क्षेत्र में बदलाव ला रही है और स्वच्छ, किफायती बिजली के जरिए नागरिकों को सशक्त बना रही है।
उन्होंने कहा कि 'अनौपचारिक बातचीत' के दौरान मैंने इस योजना की शानदार प्रगति पर चर्चा की और विश्वास जताया कि आज 41 लाख से ज्यादा लाभार्थी परिवारों से बढ़कर इस साल के आखिर तक हम 75 लाख परिवारों तक पहुंच जाएंगे। साथ ही, मैंने 'पीएम सूर्य घर' का लोगो भी लॉन्च किया और उन हितधारकों को पुरस्कार दिए, जिनके प्रयासों से पूरे देश में 'रूफटॉप सोलर' को तेजी से अपनाया जा रहा है।
प्रह्लाद जोशी ने आगे कहा कि हम सब मिलकर पीएम नरेंद्र मोदी के 'ऊर्जा आत्मनिर्भरता' और 'सतत विकास' के विजन को आगे बढ़ा रहे हैं।
बता दें कि पिछले दिनों राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित 'रेजिलिएंट फ्यूचर्स समिट 2026' के दौरान केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने बताया कि 2030 तक 500 गीगावाट ऊर्जा क्षमता का लक्ष्य रखा गया है, जबकि गैर-जीवाश्म (नॉन-फॉसिल) स्रोतों से 50 प्रतिशत बिजली उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित समय से पांच साल पहले ही हासिल कर लिया गया है। यह दर्शाता है कि सरकार के तय किए गए लक्ष्य समय से पहले पूरे हो रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि भारत में अब पवन ऊर्जा, सौर ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज और पंप स्टोरेज जैसे स्रोतों से मिलकर करीब 30 प्रतिशत बिजली उत्पादन हो रहा है। हाल ही में पीक डिमांड के समय करीब दो-तिहाई बिजली की जरूरत नवीकरणीय ऊर्जा से पूरी की गई, जो यह दिखाता है कि भारत न केवल ऊर्जा उत्पादन बढ़ा रहा है, बल्कि उसे प्रभावी ढंग से ट्रांसमिशन तक भी पहुंचा रहा है। उन्होंने इसे भारत की 'सक्सेस स्टोरी' बताया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Jun 2026 8:30 PM IST












