पीएनबी करेंसी चेस्ट में 17.29 करोड़ के नकली नोट मामले में एनआईए ने एक और मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार
नई दिल्ली, 16 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पंजाब नेशनल बैंक करेंसी चेस्ट, सहारनपुर में 17.29 करोड़ रुपये के जाली नोट मिलने के मामले में एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान आदेश चौधरी के रूप में हुई है, जो गंगोह रोड, न्यू नंदपुरी कॉलोनी, थाना कुतुब शेर, मानक मौ, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश का निवासी है। आरोपी सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में संविदा पर ड्राइवर के तौर पर काम करता था।
एनआईए ने इस मामले को आरसी-02/2026/एनआईए/एलकेओ के तहत दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को थाना सदर बाजार, जिला सहारनपुर को पीएनबी करेंसी चेस्ट, सिविल लाइंस, सहारनपुर से 17.29 करोड़ रुपये के नकली भारतीय करेंसी नोट बरामद होने की विश्वसनीय सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में बैंक के 3 कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद बैंक ने उन्हें निलंबित कर दिया था।
शुरुआत में यह मामला 29 अगस्त 2026 को थाना सदर बाजार, सहारनपुर में एफआईआर नंबर 0431/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 178 के तहत 3 आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया गया था। बाद में 3 सितंबर 2026 को एनआईए ने इस केस को री-रजिस्टर किया था।
इससे पहले 7 सितंबर 2026 को एनआईए ने एफआईआर में नामजद आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार किया था।
एनआईए ने बताया कि पूरी साजिश का पर्दाफाश करने और शेष सह-आरोपियों व संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Sept 2026 7:17 PM IST












