पीएनबी के कर्मचारियों पर करोड़ों रुपए के गबन का आरोप, ग्राहकों का दावा- बैंक ने बदला पूरा स्टाफ

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के कर्मचारियों पर ग्राहकों ने करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। साथ ही, दावा किया है कि गड़बड़ी सामने आने के बाद बैंक ने अपने पूरे स्टाफ को बदल दिया है।
मामला ग्रेटर नोएडा में मौजूद पीएनबी की सेक्टर पाई-1 ब्रांच का है।
ग्राहकों ने दावा किया है कि उनके खातों में मौजूद राशि बिना उनकी अनुमति के निकाल ली गई और बैंक अब राशि वापसी के लिए समय मांग रहा है।
बैंक में खाताधारक सोनू ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि उनका इस ब्रांच में खाता है और उससे करीब 90 लाख रुपए गायब है। बैंक की ओर से पैसे गायब होने के पीछे कोई कारण बताया जा रहा है, लेकिन आश्वासन दिया है कि जल्द ही पैसा आ जाएगा।
राहुल ने आईएएनएस से कहा कि उनकी माता जी का इस ब्रांच में खाता है और गड़बड़ी का पता लगने के बाद वह बैंक आए हैं और उनके खाते से करीब 51 लाख रुपए गायब हो गए हैं। साथ ही, कहा कि इस खाते में मोबाइल नंबर नहीं था, जिस वजह से उन्हें अनधिकृत लेनदेन के बारे में समय पर जानकारी नहीं मिल पाई है।
वहीं, सोनू सागर ने आईएएनएस से कहा कि उनके पिता का खाता इस ब्रांच में है। इसमें करीब 88 लाख रुपए थे, लेकिन अब जब स्टेटमेंट निकाला, तो जमा राशि मात्र 1.29 हजार रुपए निकाली।
उन्होंने दावा किया कि यह गबन आज का नहीं है, बल्कि कई सालों से चल रहा है। 6 जून, 2025 को उनके पिता के खाते से 25 लाख, 20 लाख, 5 लाख और 21 लाख की निकासी हुई है और भी अन्य निकासी हुई हैं।
इस गड़बड़ी को लेकर पीएनबी के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दी गई है, जिसे आईएएनएस द्वारा देख गया है।
इसमें एक खाताधारक ने कहा कि जैसे ही उन्हें गड़बड़ी का पता लगा, तो बैंक से संपर्क किया। वहां कर्मचारियों ने एक-दो दिन बाद आने को कहा, लेकिन जैसे ही मैं बैंक पहुंचा, तो शाखा में कोई भी संबंधित अधिकारी उपलब्ध नहीं था और सामान्य बैंकिंग कार्य भी प्रभावित था।
साथ ही, इसमें कहा गया कि बैंक की ब्रांच मैनेजर निशा तिरकी ने 26 अक्टूबर को बताया कि पूरी ब्रांच को सस्पेन्ड कर दिया गया है।
हालांकि, पीएनबी की ओर से इसे लेकर कोई भी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
