पुलिस की नौकरी बहुत मुश्किल है, लेकिन कुछ लोग पावर का गलत इस्तेमाल करते हैं मनोज बाजपेयी

पुलिस की नौकरी बहुत मुश्किल है, लेकिन कुछ लोग पावर का गलत इस्तेमाल करते हैं  मनोज बाजपेयी
अभिनेता मनोज बाजपेयी सस्पेंस थ्रिलर फिल्म 'गजब रात' में अजय दीक्षित नाम के एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगे। अभिनेता ने आईएएनएस के साथ बातचीत में अपने किरदार के बारे में बात की।

मुंबई, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता मनोज बाजपेयी सस्पेंस थ्रिलर फिल्म 'गजब रात' में अजय दीक्षित नाम के एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगे। अभिनेता ने आईएएनएस के साथ बातचीत में अपने किरदार के बारे में बात की।

उन्होंने बताया कि वह सिर्फ वर्दी का किरदार नहीं निभा रहे हैं, बल्कि वर्दी के पीछे जो इंसान है, उसकी कहानी निभा रहे हैं। मनोज बाजपेयी ने कहा, "मैं किसी भी वर्दी का किरदार नहीं निभा रहा हूं, बल्कि वर्दी के पीछे एक इंसान का किरदार निभा रहा हूं। मेरा मानना है कि हर व्यक्ति की अपनी कहानियां, परेशानियां और सफर होता है, तो हम बस उसे ही दिखाने का प्रयास कर रहे हैं।"

मनोज ने बताया कि उनके लिए वर्दी से ज्यादा उस इंसान और उसकी जिंदगी को दिखाना जरूरी है। उन्होंने कहा, "हम किरदार पर ज्यादा ध्यान देते हैं, उसके पेशे पर नहीं। जब उसके पीछे की कहानी बनती है, तो वो सब कुछ खुद ही बता देती है। इसीलिए आपको मेरा कोई भी किरदार एक जैसा नहीं लगेगा।"

अभिनेता का मानना है कि पुलिस की नौकरी बहुत मुश्किल और चुनौतीभरी होती है और उनके कई दोस्त खुद पुलिस में हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ पुलिस वाले अपनी पावर का गलत इस्तेमाल भी करते हैं।

मनोज बाजपेयी ने कहा, "हर पेशे में अलग-अलग तरह के लोग होते हैं, तो मेरे लिए ये देखना बेहद जरूरी है कि मैं जिससे बात कर रहा हूं, जिसका काम देख रहा हूं या जिसकी तारीफ और बुराई हो रही है, तो वाकई उसके लिए ठीक है या नहीं। मैं जानता हूं कि पुलिस की ड्यूटी बहुत ही मुश्किल होती है। मेरे बहुत सारे अच्छे दोस्त पुलिस में हैं, लेकिन कई बार हम ऐसी खबरें भी पढ़ते हैं, जहां कुछ लोग अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल करते हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "वैसे ही हमारी इंडस्ट्री में भी बहुत सारे अच्छे एक्टर्स हैं, लेकिन एक-दो लोगों की वजह से पूरी इंडस्ट्री की बदनामी हो जाती है। हमेशा ऐसा होता है कि आप किसी को हमारे पेशे में एकदम भगवान बना देते हैं और फिर बाद में किसी दूसरे के गलत करने पर उस पर भी सवाल उठाने लगते हैं। हमें हर इंसान को अलग-अलग नजर से देखना चाहिए और मैं यही करता हूं।"

रितेश शाह द्वारा निर्देशित फिल्म एक वन-नाइट थ्रिलर है, यानी पूरी कहानी एक ही रात के घटनाक्रम पर आधारित है। इसमें मनोज बाजपेयी के अलावा, नुसरत भरूचा, दिव्या दत्ता, साकिब सलीम और अक्षय ओबेरॉय भी अहम भूमिकाओं में हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 Oct 2026 8:55 AM IST

Tags

Next Story