धर्म: पोप फ्रांसिस की विरासत सभी धर्मों को शांति और सद्भाव के लिए करेगी प्रेरित संयुक्त राष्ट्र में भारत

पोप फ्रांसिस की विरासत सभी धर्मों को शांति और सद्भाव के लिए करेगी प्रेरित  संयुक्त राष्ट्र में भारत
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने कहा है कि पोप फ्रांसिस की विरासत सभी धर्मों के लोगों को शांति और सद्भाव के साथ जीने के लिए प्रेरित करेगी।

संयुक्त राष्ट्र, 1 मई (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने कहा है कि पोप फ्रांसिस की विरासत सभी धर्मों के लोगों को शांति और सद्भाव के साथ जीने के लिए प्रेरित करेगी।

मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के एक विशेष सत्र में पोप फ्रांसिस की स्मृति को सम्मानित करते हुए हरीश ने कहा कि उनका जीवन शांति, न्याय और मानवीय गरिमा के लिए समर्पित था। उन्होंने विशेष रूप से गरीबों और हाशिए पर रहने वालों के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को याद किया, जो मानवता की सेवा में उनके अटूट विश्वास का प्रतीक है।

एशिया-प्रशांत क्षेत्रीय समूह की ओर से श्रद्धांजलि देते हुए हरीश ने कहा कि पोप फ्रांसिस का निधन न केवल वैश्विक कैथोलिक समुदाय के लिए, बल्कि पूरे विश्व के लिए गहरे दुख का क्षण है, जो उनके असाधारण जीवन से प्रेरित था।

हरीश ने पोप को एक पीढ़ी में एक बार जन्म लेने वाला नेता बताते हुए कहा कि उनकी विरासत करुणा, मानवता की सेवा और शांति को बढ़ावा देने वाली होगी।

उन्होंने कहा कि पोप का मानवता, प्रेम और विनम्रता का संदेश सीमाओं को पार कर लाखों लोगों के दिलों को छू गया। उनके अंतिम ईस्टर संदेश को याद करते हुए हरीश ने कहा कि यह हमें सिखाता है कि प्रेम नफरत पर, प्रकाश अंधेरे पर और सत्य झूठ पर विजय प्राप्त कर सकता है। यह संदेश हमें एक अधिक स्थिर, शांतिपूर्ण और समृद्ध विश्व की ओर ले जाएगा।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने पोप फ्रांसिस को विश्वास का प्रतीक और सभी धर्मों के बीच सेतु बनाने वाला व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि पोप संयुक्त राष्ट्र के सच्चे मित्र थे और क्रूरता भरे विश्व में दया की आवाज तथा युद्धग्रस्त विश्व में शांति की पुकार थे। गुटेरेस ने बताया कि पोप के रूप में नियुक्त होने से पहले ब्यूनस आयर्स की झुग्गियों में उनके काम ने उनकी इस धारणा को मजबूत किया कि विश्वास को कार्रवाई और परिवर्तन का आधार बनना चाहिए।

पोप के रूप में उन्होंने सामाजिक न्याय और समानता के लिए एक अडिग आवाज के रूप में इस विश्वास को और तेज किया। हरीश और गुटेरेस दोनों ने पोप फ्रांसिस की विरासत को विश्व शांति और मानवता की सेवा के लिए प्रेरणादायक बताया, जो आने वाली पीढ़ियों को एकजुटता और करुणा के मार्ग पर चलने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 May 2025 12:22 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story