प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता से मिले उच्चायुक्त त्रिवेदी, स्थायी रिश्ते को बताया अहम

प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता से मिले उच्चायुक्त त्रिवेदी, स्थायी रिश्ते को बताया अहम
बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सलाहकार और पीएमओ प्रवक्ता महदी अमीन से मुलाकात की। त्रिवेदी ने बातचीत में दोनों देशों की जनता के बीच स्थायी रिश्ते को और मजबूत करने पर जोर दिया।

ढाका, 17 सितंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सलाहकार और पीएमओ प्रवक्ता महदी अमीन से मुलाकात की। त्रिवेदी ने बातचीत में दोनों देशों की जनता के बीच स्थायी रिश्ते को और मजबूत करने पर जोर दिया।

ढाका स्थित उच्चायुक्त ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की जानकारी दी। पोस्ट में लिखा कि हाई कमिश्नर दिनेश त्रिवेदी ने 17 सितंबर 2026 को शिक्षा मंत्रालय, प्राथमिक और जन-शिक्षा मंत्रालय, प्रवासी कल्याण और विदेशी रोजगार मंत्रालय, श्रम और रोजगार मंत्रालय के लिए प्रधानमंत्री के सलाहकार और प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता महदी अमीन से मुलाकात की।

इसमें आगे बाचतीच के मुद्दों पर प्रकाश डाला गया। लिखा, "इस बैठक में भारत और बांग्लादेश के बीच लोगों के आपसी मजबूत संबंधों पर आधारित स्थायी रिश्तों को रेखांकित किया गया। उन्होंने दोनों संप्रभु देशों के लोगों के आपसी लाभ और समृद्धि के लिए द्विपक्षीय साझेदारी को और गहरा करने के महत्व पर चर्चा की, जिसमें शिक्षा, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग पर विशेष जोर दिया गया।"

जून में पदभार संभालने के बाद से ही त्रिवेदी शिष्टाचार मुलाकात करते आए हैं। एक दिन पहले यानी बुधवार (16 सितंबर) को ही उन्होंने बांग्लादेश के पर्यटन मंत्री रशीदुज्जमान मिल्लत से मुलाकात की थी। दोनों के बीच हवाई सेवाओं को और बेहतर करने पर गंभीर चर्चा हुई थी।

उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी थी। बताया था कि भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने 16 सितंबर 2026 को नागरिक उड्डयन और पर्यटन मंत्री एम. रशीदुज्जमान मिल्लत से मुलाकात की। दोनों ने नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने, हवाई कनेक्टिविटी बेहतर करने, एयर कार्गो क्षमता बढ़ाने, आपसी कामकाज के तरीकों में सुधार करने और पर्यटन को बढ़ावा देने जैसे कई विषयों पर चर्चा की।

त्रिवेदी ने 25 जून 2026 को बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त के रूप में औपचारिक रूप से पदभार संभाला था। पूर्व केंद्रीय मंत्री पश्चिम बंगाल की राजनीति, बंगाली भाषा और संस्कृति से अच्छी तरह परिचित हैं। भारत सरकार ने उन्हें इस राजनयिक जिम्मेदारी के साथ-साथ केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के समकक्ष व्यक्तिगत दर्जा भी प्रदान किया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 Sept 2026 12:47 PM IST

Tags

Next Story