प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद कहना चाहूंगा, यह बहुत अच्छा एहसास है कन्हैया वधावन
जम्मू, 29 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' के अपने 132वें एपिसोड में रणजी ट्रॉफी का खिताब पहली बार जीतने वाली जम्मू-कश्मीर टीम की सराहना की। उन्होंने टीम की इस जीत को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताया। पीएम मोदी से मिली तारीफ से जम्मू-कश्मीर के विकेटकीपर-बल्लेबाज कन्हैया वधावन गदगद नजर आए।
कन्हैया ने आईएएनएस के साथ बात करते हुए कहा, "सबसे पहले मैं पीएम मोदी को धन्यवाद कहना चाहूंगा। उन्होंने हमारी तारीफ की। हमारी कड़ी मेहनत का नतीजा आया, तो उन्होंने 'मन की बात' में इसका जिक्र किया। यह काफी अच्छा एहसास है। हम काफी लंबे समय के बाद पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीते हैं, लेकिन यह आखिरी नहीं होगी और हम आगे भी अच्छा प्रदर्शन करने की पूरी कोशिश करेंगे।''
उन्होंने आगे कहा, ''यह पूरी टीम, एसोसिएशन और सभी की मेहनत का फल है। यहां के लोगों की दुआएं हमारे साथ हैं। इस सफलता में बीसीसीआई प्रेसिडेंट मिथुन मन्हास और आईसीसी चीफ जय शाह का भी काफी अहम योगदान है। हम पिछले दो से तीन साल से मेहनत कर रहे थे और अब जाकर यह पल आया है। यह पूरे राज्य के लिए गर्व का पल है।"
प्रधानमंत्री मोदी ने 'मन की बात' में जम्मू-कश्मीर टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक जीत टीम को लगभग सात दशकों के बाद मिली है। उन्होंने टीम के कप्तान पारस डोगरा की भी तारीफ की। पीएम ने कहा कि बतौर कप्तान पारस ने बेहतरीन कौशल दिखाया और अपनी कप्तानी से टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी डार का भी खासतौर पर जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आकिब के नाम की चर्चा पूरे देश में हो रही है। आकिब ने रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में कुल 60 विकेट निकाले। उन्होंने कहा कि यह जीत जम्मू-कश्मीर के युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने का काम करेगी। जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों में गजब का जज्बा है और उम्मीद जताई कि यहां के खिलाड़ी आगे भी दमदार प्रदर्शन करते रहेंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 March 2026 4:37 PM IST












