प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रम्बानन मंदिर में की आरती
जकार्ता, 8 (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो ने बुधवार को योग्याकार्ता स्थित प्रम्बानन मंदिर का दौरा किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने मंदिर परिसर का अवलोकन किया और प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर के इतिहास एवं महत्व की जानकारी ली।
प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारियों ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई और उन्हें आशीर्वाद दिया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद लोगों से भी मुलाकात की। दौरे के दौरान जमीन से लेकर आसमान तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
मंदिर पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर प्रम्बानन मंदिर का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, "राजसी प्रम्बानन मंदिर!"
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो के साथ अपनी एक तस्वीर भी साझा की और लिखा, "राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो के साथ योग्याकार्ता से प्रम्बानन मंदिर जाते हुए।"
प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को इंडोनेशियाई संसद को संबोधित करते हुए कहा था कि वह राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो के साथ योग्याकार्ता स्थित प्रम्बानन मंदिर जाएंगे। यह इंडोनेशिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर परिसर है और यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है।
दौरे के दौरान दोनों नेताओं ने प्रम्बानन मंदिर के संरक्षण और पुनर्स्थापन (रिस्टोरेशन) परियोजना का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। इसे दोनों देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है।
7 जुलाई को भारत और इंडोनेशिया ने योग्याकार्ता स्थित प्रम्बानन मंदिर परिसर के संरक्षण और पुनर्स्थापन के लिए भारत समर्थित परियोजना से संबंधित आशय पत्र का आदान-प्रदान किया था। यह आदान-प्रदान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद हुआ, जिसमें दोनों नेताओं ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा शांतिपूर्ण हिंद-प्रशांत (इंडो-पैसिफिक) क्षेत्र सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा की।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 July 2026 11:58 AM IST












