प्रधानमंत्री ने नहीं पूरा किया अपना वादा, हिमाचल की समस्याओं को किया अनसुनाः प्रतिभा सिंह
शिमला, 24 मार्च (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने विधानसभा चुनाव 2022 में प्रधानमंत्री द्वारा किए गए वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा सांसदों पर हिमाचल की समस्याओं को संसद में नहीं उठाने का आरोप लगाया।
प्रतिभा सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "2022 विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंडी में रैली को संबोधित करते हुए कई घोषणाएं की थीं। प्रधानमंत्री ने कहा था कि वह हिमाचल के बेटे हैं और यह राज्य उनका दूसरा घर है। वह अपने घर के लिए हरसंभव मदद करेंगे। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद मैं हिमाचल की समस्याओं को लेकर मिलने गई थी और प्रधानमंत्री को उनके वादे याद दिलाए, लेकिन उनकी बात को अनसुना कर दिया। अब लगता है प्रधानमंत्री अपनी बातों को भूल गए हैं, क्योंकि इस बात को एक अरसा हो गया है।"
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने कहा, "हिमाचल प्रदेश में आपदा आई, जिसमें कई लोगों ने अपनी जान गंवाई। प्रदेश के हर क्षेत्र को नुकसान हुआ। उन्हें इस बात का दुख है कि केंद्र सरकार ने आपदा के समय में हिमाचल की मदद नहीं की। केंद्र में हिमाचल का प्रतिनिधित्व कर रहे सांसदों को पत्र लिखा और कहा कि वह उनके साथ जाकर प्रधानमंत्री से मिलेंगी, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। अगर भाजपा के सांसद चाहते तो केंद्र सरकार के सामने बात रख सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। हिमाचल की रिवेन्यू डिफिसिट ग्रांट केंद्र सरकार की ओर से बंद कर दी गई। मुख्यमंत्री बार-बार इस बात को केंद्र सरकार के सामने रख रहे हैं।"
प्रतिभा सिंह ने कहा, " हिमाचल में भाजपा के जो नेता है, वह बस बोलने के लिए कह रहे हैं कि केंद्र से मदद मिल रही है, लेकिन ग्राउंड लेवल पर हिमाचल को कुछ नहीं मिला। राजनीति से ऊपर उठकर आपदा के समय में प्रदेश के लिए काम करना चाहिए था, लेकिन भाजपा ने ऐसा नहीं किया।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 March 2026 10:03 AM IST












