प्रतीक को नम आंखों से विदाई देगा मुलायम परिवार, अंतिम दर्शन को जुटे समर्थक
लखनऊ, 14 मई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार को करीब 11 बजे लखनऊ के बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में किया जाएगा। 38 वर्षीय प्रतीक यादव का बुधवार तड़के निधन हो गया था। प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से अंतिम संस्कार की जानकारी साझा की।
अंतिम संस्कार को लेकर भैंसाकुंड में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और करीबी लोग वहां पहुंचने लगे हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है। प्रतीक यादव के निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद पीड़ादायक घटना है और ईश्वर परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दें।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रतीक यादव का असमय जाना अत्यंत दुखद है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। प्रदेश की बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह अपर्णा यादव और पूरे परिवार के लिए बेहद कठिन समय है।
उन्होंने कहा कि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और ईश्वर उन्हें इस पीड़ा से उबरने की शक्ति दें। बुधवार को प्रतीक यादव के निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में शोक छा गया था। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह समेत कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां पहुंचीं और शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
--आईएएनएस
विकेटी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 May 2026 10:37 AM IST












