प्रतिका-शेफाली की दमदार पारी, वैष्णवी ने झटके 5 विकेट, तीसरे वनडे में जीत के साथ भारत ने जिम्बाब्वे का किया सूपड़ा साफ

वडोदरा, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीसरे वनडे मुकाबले में जिम्बाब्वे को 8 विकेट से रौंदा। बीसीए स्टेडियम में जिम्बाब्वे से मिले 132 रनों के लक्ष्य को भारतीय टीम ने आसानी से सिर्फ 17 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यास्तिका भाटिया पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौटीं। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए हरलीन देओल और प्रतिका रावल ने मिलकर 59 रन जोड़े। हरलीन 19 रन बनाकर आउट हुईं। प्रतिका को शेफाली के रूप में एक और बढ़िया जोड़ीदार मिली। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 50 गेंदों में 74 रनों की अटूट साझेदारी निभाते हुए भारतीय टीम को शानदार जीत दिलाई।
प्रतिका 56 गेंदों में 59 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने अपनी इस पारी में 4 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं, शेफाली वर्मा ने सिर्फ 26 गेंदों का सामना करते हुए 51 रनों की धमाकेदार पारी खेली। शेफाली ने अपनी इस इनिंग में 6 चौके और 3 छक्के लगाए। शेफाली ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से मैच को पूरी तरह से एकतरफा बना दिया। जिम्बाब्वे की तरफ से नोमवेलो सिबांडा और लोरिन फिरी ने एक-एक विकेट चटकाया।
इससे पहले, जिम्बाब्वे की बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों के आगे आसानी से घुटने टेक दिए और पूरी टीम 39.5 ओवर में 131 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। लोरिन फिरी बिना खाता खोले आउट हो गईं। इसके बाद चिपो मुगेरी-तिरिपानो भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सकीं और केवल 4 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। बिलव्ड बीजा को वैष्णवी शर्मा ने हरमनप्रीत कौर के हाथों कैच आउट कराकर सिर्फ 1 रन पर आउट किया।
25 रन के स्कोर तक जिम्बाब्वे के तीन विकेट गिर चुके थे। इसके बाद जोसेफिन नकोमो और चिएड्जा धुरुरू ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 40 गेंदों में 27 रन जोड़े। धुरुरू 20 रन बनाकर वैष्णवी शर्मा की गेंद पर आउट हुईं। कप्तान नकोमो ने 67 गेंदों में 35 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जिसमें उन्होंने 4 चौके लगाए। उनके आउट होने के बाद जिम्बाब्वे की टीम नियमित अंतराल पर विकेट खोती रही और पूरी टीम 131 रन पर सिमट गई।
भारत की ओर से गेंदबाजी में वैष्णवी शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया। 20 वर्षीय स्पिनर ने 10 ओवर में 39 रन देकर 5 विकेट लिए और जिम्बाब्वे की बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुईं। क्रांति गौड़ ने 7 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। वहीं, सायली सतघरे ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने वनडे सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया। इससे पहले, टीम इंडिया ने टी20 सीरीज को भी 3-0 से जीता था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
