प्रवासी परिवारों के बच्चों की शिक्षा की भी चिंता हो राज्यपाल मंगुभाई पटेल

भोपाल, 25 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रवासी श्रमिक परिवारों के बच्चों के पोषण के साथ ही शिक्षा की चिंता भी की जानी चाहिए। लोकभवन के संदीपनी सभाकक्ष में जनजाति प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए राज्यपाल पटेल ने कहा कि पीएम जनमन योजना एवं धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना की सफलता के लिए एकल प्रयास पर्याप्त नहीं है।
योजना अंतर्गत हो रहे कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी पंचायत पदाधिकारी, तहसीलदार और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत से लेकर क्षेत्र के अन्य सभी अधिकारी-कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। लक्षित समुदाय के उत्थान के लिए अंतर विभागीय समन्वय के साथ चुनौतियों के समाधान खोजे जाने और क्रियान्वयन की गुणवत्ता को सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि प्रवासी श्रमिक परिवारों के बच्चों के पोषण के साथ ही शिक्षा की चिंता भी की जानी चाहिए। उनके लिए छात्रावास जैसी पहल पर भी विचार किया जाना चाहिए। योजनाओं की सफलता के लिए छोटी-छोटी व्यावहारिक बातों पर भी ध्यान दिया जाना बहुत जरूरी है, कई बार उनकी उपेक्षा बड़ी दुर्घटना का कारण बन जाती है। इसलिए जरूरी है कि कार्यों की समीक्षा बारीकी के साथ की जानी चाहिए।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि मातृ शिशु स्वास्थ्य और पोषण के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन जरूरी है। आंगनबाड़ी केंद्रों तक बारहमासी पहुंच को सुनिश्चित किया जाए। आंगनवाड़ी भवनों के गुणवत्ता पूर्ण निर्माण के लिए ग्रामीण विकास विभाग और महिला बाल विकास विभाग संयुक्त निरीक्षण की पहल करें। अति पिछड़ी जनजातीय समुदाय की महिलाओं को मिलने वाली योजनाओं आहार, अनुदान और लाडली बहन के क्रियान्वयन संबंधी प्रक्रियाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधार किया जाए।
महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि विभाग द्वारा पोषण प्रयासों के तहत निरंतर नवाचार किए जा रहे हैं। झाबुआ में आयुष तेल के माध्यम से बच्चों की मालिश के बहुत अच्छे परिणाम प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पोषण प्रयासों पर केंद्रित दृष्टि के साथ प्रवासी श्रमिक परिवार की माता और बच्चों के पोषण के संबंध में भी विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने श्रीअन्न के पोषण आहार में उपयोग के लिए श्रीअन्न की सभी जिलों में उपलब्धता के संबंध में चर्चा की। आयुक्त महिला एवं बाल विकास विभाग संदीप जीआर ने विभाग द्वारा किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
