मुंबई प्रेमी ने प्रेमिका को पास कराने के लिए पेपर किया लीक, ब्रेकअप के बाद खुद ही कर दी शिकायत
मुंबई, 26 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई क्राइम ब्रांच ने महाराष्ट्र पब्लिक सर्विस कमीशन (एमपीएससी) द्वारा आयोजित ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने के मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन अधिकारी भी शामिल हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है।
मामले की जांच में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को कथित तौर पर प्रेम संबंध और ब्रेकअप का एंगल मिला है।
आरोप है कि गिरफ्तार आरोपी लोकेश उर्फ गौरव पाटील ने परीक्षा में अपनी प्रेमिका को पास कराने के लिए पेपर लीक करके उसे दिलाया और ब्रेकअप के बाद खुद आयोग को इसकी जानकारी दी।
दरअसल, एमपीएससी पेपर लीक मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच के सामने एक चौंकाने वाला कथित प्रेम प्रसंग सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने अपनी प्रेमिका को परीक्षा में पास कराने के लिए पेपर की व्यवस्था की और उसे दिया। परीक्षा के बाद दोनों का ब्रेकअप हो गया। इसके बाद युवक ने कथित तौर पर महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग को पेपर लीक होने की जानकारी दे दी।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में गौरव राजेंद्र पाटील भी शामिल है। आरोप है कि गौरव का रितुजा पाटील नाम की युवती से प्रेम संबंध था। उसने रितुजा को परीक्षा में पास कराने के लिए कथित तौर पर पेपर की व्यवस्था की और रितुजा समेत कुछ अन्य लोगों को उपलब्ध कराया। रितुजा परीक्षा में पास भी हो गई। हालांकि, बाद में गौरव और रितुजा का ब्रेकअप हो गया।
ब्रेकअप के बाद गौरव ने गुस्से में महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग को पेपर लीक होने की जानकारी दी।
बता दें कि ड्रग इंस्पेक्टर पद की परीक्षा महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग कराता है। आयोग ने पेपर लीक की खबर पर मुंबई पुलिस से संपर्क किया और मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 Aug 2026 10:50 PM IST












