प्रियांश-तिलक ने लगाया अर्धशतक, अफगानिस्तान ए के खिलाफ भारत ए ने 8 विकेट खोकर बनाए 319 रन
दांबुला, 17 जून (आईएएनएस)। ट्राई सीरीज के पांचवें मुकाबले में भारत ए की भिड़ंत अफगानिस्तान ए के साथ हो रही है। रंगिरी दांबुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ए ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 319 रन लगाए हैं।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्या अच्छी लय में दिखाई दिए और दोनों ने मिलकर 7.6 ओवर में 75 रन जोड़े। वैभव ने एक बार फिर अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 28 गेंदों में 38 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे। वैभव ने अपनी इस पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए।
ऋतुराज गायकवाड़ ने भी आगाज तो दमदार किया, लेकिन 31 गेंदों में 30 रन बनाने के बाद वह पवेलियन लौट गए। ऋतुराज ने अपनी पारी में 4 चौके लगाए। प्रियांश ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। प्रियांश ने अपनी पारी में 42 गेंदों का सामना करते हुए 58 रन बनाए। प्रियांश ने 9 चौके और एक छक्के लगाया।
कप्तान तिलक वर्मा भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 75 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौकों की मदद से 59 रन बनाए। तिलक को कुमार कुशाग्र का अच्छा साथ मिला और दोनों ने मिलकर शतकीय साझेदारी निभाई। कुशाग्र ने 67 गेंदों में 58 रन बनाए। सूर्यांश शेडगे इस मुकाबले में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 7 रन बनाकर आउट हुए। अंत के ओवरों में विपराज निगम निशांत संधू ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सातवें विकेट के लिए 29 गेंदों में 41 रन जोड़े।
विपराज बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 20 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 30 रन बनाए। वहीं, निशांत नाबाद रहे और उन्होंने 26 गेंदों में 21 रनों की अहम पारी खेली। अनुकूल रॉय 4 रन बनाकर रनआउट हुए। गेंदबाजी में अफगानिस्तान की ओर से फरीदून दाऊदजई, अब्दुल्ला अहमदजई और फरमानुल्लाह सफी ने दो-दो अपने नाम किए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 Jun 2026 2:19 PM IST












