पुणे छह साल से फरार डकैती के आरोपी को पुलिस ने जाल बिछाकर किया गिरफ्तार
पुणे, 28 जून (आईएएनएस)। पुणे पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने डकैती के मामले में पिछले छह सालों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान 28 वर्षीय समीर सुरेश वंजारी उर्फ चव्हाण के रूप में की गई, जो दौंड तहसील के नानगांव का रहने वाला है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस टीम को आरोपी के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस को पता चला कि आरोपी नानगांव में मौजूद है। इसके बाद क्राइम ब्रांच टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर जाल बिछाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपी को यवत पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया गया है।
बताया गया कि यवत थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 395 के तहत एक मुकदमा दर्ज था, जिसमें समीर सुरेश वंजारी आरोपी थी। वह घटना के बाद से ही फरार हो गया था।
इससे पहले, शनिवार को यवत थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गर्भलिंग जांच और कन्या भ्रूण हत्या रैकेट मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने गहन जांच के बाद ठोस सबूत जुटाकर यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों में सुमंत तुकाराम शितोले और बापूराव पंढरीनाथ जांबले शामिल हैं। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद शनिवार को पुलिस की ओर से उन्हें दौंड न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 1 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया है।
जांच में सामने आया है कि सुमंत तुकाराम मुख्य आरोपी के माध्यम से अवैध लिंग जांच करवाकर गर्भवती महिलाओं को अपने अस्पताल में लाकर उनका गैरकानूनी गर्भपात करा रहा था। वहीं, बापूराव जांबले इस रैकेट में एजेंट के रूप में काम कर रहा था और गर्भपात के लिए आवश्यक प्रतिबंधित दवाइयों और इंजेक्शन की आपूर्ति करता था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Jun 2026 8:42 AM IST












