पंजाब अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया
चंडीगढ़, 7 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब की अमृतसर ग्रामीण पुलिस की ओर से सीमा पार से नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। इसकी जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव की ओर से सोशल मीडिया पर दी गई है।
डीजीपी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा गया, "एक बड़ी कामयाबी में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने सीमा पार नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 15 अवैध पिस्तौल और 5 किलो हेरोइन बरामद की है। शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे। वे अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप लेते थे और निर्देशानुसार उनकी सप्लाई करते थे।"
डीजीपी गौरव यादव ने 'एक्स' पोस्ट में आगे लिखा, "एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत घरिंडा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की आगे की जांच जारी है ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके, इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके, और अवैध हथियारों व नशीले पदार्थों की तस्करी के बड़े नेटवर्क को खत्म किया जा सके।"
डीजीपी की ओर से आगे लिखा गया, "पंजाब पुलिस नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने और पंजाब को एक सुरक्षित व नशा-मुक्त राज्य बनाने के अपने संकल्प पर अडिग है।"
बीते दिनों भी डीजीपी की ओर से सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी गई थी, "एक बड़ी कामयाबी में, जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने मंजीत सिंह बेदी को गिरफ्तार किया है। वह अमेरिका में हुए बेनिफिट्स फ्रॉड (सरकारी लाभ से जुड़ी धोखाधड़ी) के मामले में वॉन्टेड भगोड़ा था। बताया जाता है कि बेदी का नाम अमेरिका में एसएनएपी (सप्लीमेंटल न्यूट्रिशन असिस्टेंस प्रोग्राम) बेनिफिट्स फ्रॉड मामले में 'मोस्ट-वॉन्टेड फ्रॉडस्टर्स' की लिस्ट में शामिल था। वह कानून से बचने के लिए कथित तौर पर अप्रैल 2026 में कनाडा के रास्ते भारत भाग आया था।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Sept 2026 4:46 PM IST












