विमेंस एशिया कप शेफाली को इशारा करना पाकिस्तानी कप्तान को पड़ा भारी, आईसीसी ने लगाया जुर्माना, डिमेरिट अंक भी जुड़ा
दुबई, 7 सितंबर (आईएएनएस)। भारत के खिलाफ 'विमेंस एशिया कप 2026' का मैच गंवाने के बाद पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना को एक और झटका लगा है। कप्तान को 'आईसीसी आचार संहिता' के लेवल 1 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है, जिसके चलते उन पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है।
यह घटना भारत की बल्लेबाजी के दौरान दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर तब घटित हुई, जब फातिमा ने ओपनर शेफाली वर्मा को 'कॉट-एंड-बोल्ड' आउट करने के बाद पवेलियन की ओर इशारा किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम 18.1 ओवरों में 55 रन पर ढेर हो गई। इसके जवाब में भारत ने मैच 8.4 ओवरों में 7 विकेट शेष रहते अपने नाम किया।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने सोमवार को एक बयान में कहा कि फातिमा सना को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के आर्टिकल 2.5 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया। यह नियम 'ऐसी भाषा, हरकत या इशारों के इस्तेमाल से संबंधित है जो अपमानजनक हों, या जिनसे किसी इंटरनेशनल मैच के दौरान बल्लेबाज के आउट होने पर आक्रामक प्रतिक्रिया भड़क सकती हो।'
यह 24 महीनों के भीतर फातिमा का दूसरा अपराध है, जिसके साथ फातिमा सना के कुल डिमेरिट प्वाइंट्स की संख्या 2 हो गई है। इससे पहले, उन्हें 6 अगस्त 2025 को डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ
टी20 मैच के दौरान डिमेरिट प्वाइंट दिया गया था।
पाकिस्तानी कप्तान पर ये आरोप ऑन-फील्ड अंपायर निमाली परेरा और शथिरा जाकिर जेसी के साथ-साथ थर्ड अंपायर रुकैया सुल्ताना और फोर्थ अंपायर रबाब अहसान ने लगाए थे। 'लेवल 1' के उल्लंघन के लिए न्यूनतम सजा आधिकारिक फटकार है, और अधिकतम सजा खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट प्वाइंट्स हो सकती है।
आईसीसी ने बताया, "फातिमा ने अपराध स्वीकारते हुए एमिरेट्स आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी की सुप्रिया रानी दास की ओर से प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया, इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई जरूरत नहीं थी।"
भारत और श्रीलंका की टीमें विमेंस एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में अपना-अपना स्थान पक्का कर चुकी हैं। अगर सोमवार को फातिमा की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम हांगकांग, चीन के खिलाफ जीत दर्ज करती है, तो उसे भी सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा। वहीं, 'ग्रुप-बी' में बांग्लादेश और यूएई के बीच 8 सितंबर को खेला जाने वाला मैच अंतिम सेमीफाइनलिस्ट तय करेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Sept 2026 4:46 PM IST












