पंजाब अमृतसर में सीमा पार ड्रग्स और हथियार तस्करी का नेटवर्क बेनकाब, चार आरोपी गिरफ्तार

पंजाब अमृतसर में सीमा पार ड्रग्स और हथियार तस्करी का नेटवर्क बेनकाब, चार आरोपी गिरफ्तार
पंजाब पुलिस ने अमृतसर में सीमा पार से संचालित ड्रग्स और अवैध हथियारों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

चंडीगढ़, 18 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने अमृतसर में सीमा पार से संचालित ड्रग्स और अवैध हथियारों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 5.557 किलोग्राम हेरोइन और दो पिस्तौल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आरोपियों के विदेश में बैठे तस्करों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। मामले की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।

पंजाब पुलिस ने इस कार्रवाई की जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा की।

पोस्ट के अनुसार, अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में हेरोइन और दो अवैध पिस्तौल बरामद हुए।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। उन्हें सीमा पार से ड्रग्स और हथियारों की खेप मिलती थी, जिसे वे आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने का काम करते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका संचालन किस तरह किया जा रहा था।

इस मामले में अमृतसर के इस्लामाबाद और छेहरटा थानों में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके मोबाइल फोन, संपर्कों तथा अन्य सबूतों की भी जांच की जा रही है। इसके जरिए नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और तस्करी के पूरे गिरोह का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है।

पंजाब पुलिस ने कहा है कि सीमा पार से होने वाली ड्रग्स और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि राज्य में नशे और संगठित अपराध पर रोक लगाने के लिए ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 July 2026 4:54 PM IST

Tags

Next Story