पंजाब किंग्स को आईपीएल चैंपियन बनाने में योगदान देना चाहता हूं सूर्यांश शेडगे

पंजाब किंग्स को आईपीएल चैंपियन बनाने में योगदान देना चाहता हूं सूर्यांश शेडगे
इंडियन प्रीमियर लीग-2026 की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। पिछले सीजन फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से हारने वाली पंजाब किंग्स इस बार फिर से अपना पहला खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। मुंबई की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले और आईपीएल में पंजाब किंग्स का हिस्सा सूर्यांश शेडगे ने सीजन की शुरुआत से पहले अपनी तैयारी, मानसिकता और टीम के माहौल और लक्ष्य पर आईएएनएस से खास बातचीत की।

नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग-2026 की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। पिछले सीजन फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से हारने वाली पंजाब किंग्स इस बार फिर से अपना पहला खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। मुंबई की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले और आईपीएल में पंजाब किंग्स का हिस्सा सूर्यांश शेडगे ने सीजन की शुरुआत से पहले अपनी तैयारी, मानसिकता और टीम के माहौल और लक्ष्य पर आईएएनएस से खास बातचीत की।

सूर्यांश शेडगे ने कहा, "पिछले एक महीने में उन्होंने तीन से चार टेस्ट मैच खेले हैं, साथ ही व्हाइट-बॉल क्रिकेट पर भी लगातार काम किया। आधुनिक क्रिकेट में तीनों फॉर्मेट के बीच संतुलन बनाना बेहद जरूरी है। यह एक प्रक्रिया है, और मैं उसी पर भरोसा कर रहा हूं। जहां तक बात आईपीएल की है, तो इसकी तैयारी पिछले साल आईपीएल खत्म होने के बाद ही शुरू हो गई थी।"

अपने प्रदर्शन पर शेडगे ने कहा, "वह खुद से काफी अपेक्षाएं रखते हैं। उन्हें जो भी मौके मिले, उनमें वह और बेहतर कर सकते थे। लेकिन अब वह अपनी कमजोरियों को स्वीकार कर उन पर काम करने में विश्वास रखते हैं। जब आपको पता चल जाता है कि कहां सुधार करना है, तो वही आपके विकास की शुरुआत होती है।"

दबाव वाले बड़े मुकाबलों को लेकर उन्होंने कहा, "ऐसे मैचों में भावनाओं पर नियंत्रण रखना बेहद अहम होता है। करियर के शुरुआती दौर में मैं काफी भावुक हो जाता था, लेकिन समय के साथ सीखा कि अगर भावनाएं अस्थिर रहेंगी तो प्रदर्शन भी प्रभावित होगा। अब मैं मानसिक संतुलन बनाए रखते हुए स्थिति के मुताबिक फैसले लेता हूं।"

पिछले सीजन के फाइनल का जिक्र करते हुए सूर्यांश ने कहा कि टीम बेशक खिताब नहीं जीत सकी, लेकिन उस अनुभव ने मुझे और टीम को बहुत कुछ सिखाया। मुझे हारना पसंद नहीं है, लेकिन उस फाइनल ने हमें एक टीम और एक इंसान के तौर पर काफी मजबूत बनाया। हार को असफलता नहीं बल्कि सीख के रूप में देखना और आगे बढ़ना जरूरी है।

कोचिंग स्टाफ और टीम माहौल को लेकर शेडगे ने कहा कि कोच रिकी पोटिंग और कप्तान श्रेयस अय्यर दिल्ली कैपिटल्स के समय से ही साथ कम कर रहे हैं। इसलिए उनके रिश्ते बेहतर हैं और इसका सकारात्मक प्रभाव टीम पर भी पड़ता है। कैंप का माहौल भी काफी सकारात्मक है। जब खिलाड़ी लंबे समय बाद एक साथ आते हैं, तो ऐसे कैंप उन्हें फिर से जोड़ने और तालमेल बनाने में मदद करते हैं। टीम के भीतर का माहौल जितना बेहतर होगा, मैदान पर प्रदर्शन भी उतना ही प्रभावी होगा। अर्शदीप सिंह के होने से माहौल हल्का बना रहता है।

आईपीएल के दौरान सूर्यांश को अपने आदर्श विराट कोहली से मिलने का मौका मिला था। उस लम्हे को याद करते हुए उन्होंने कहा, "जब मैंने पहली बार उनसे हाथ मिलाया तो मेरे रोंगटे खड़े हो गए थे, क्योंकि बचपन से मैं उन्हें देखता आया हूं। उनके साथ मैदान साझा करना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा था।"

पिछले सीजन के प्रदर्शन पर नजर डालते हुए शेडगे ने स्वीकार किया कि टीम ने अच्छा खेल दिखाया, लेकिन लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। उनके अनुसार, कभी-कभी सब कुछ सही होने के बावजूद नतीजे आपके पक्ष में नहीं आते। हालांकि, उन्होंने इसे निराशा के बजाय सीखने का अवसर माना।

शेडगे ने कहा कि पंजाब किंग्स का स्पष्ट लक्ष्य आईपीएल 2026 का खिताब जीतना है, और वह अभियान में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण तीनों विभागों में उल्लेखनीय योगदान देना चाहते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 March 2026 3:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story