पंजाब में आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, खतरनाक हथियारों के साथ दो गिरफ्तार

पंजाब में आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, खतरनाक हथियारों के साथ दो गिरफ्तार
पंजाब में सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। अमृतसर ग्रामीण, गुरदासपुर और एसएसओसी की टीमों ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन में आईएसआई समर्थित बीकेआई आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो एक विदेशी हैंडलर के इशारे पर काम कर रहे थे।

अमृतसर, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब में सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। अमृतसर ग्रामीण, गुरदासपुर और एसएसओसी की टीमों ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन में आईएसआई समर्थित बीकेआई आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो एक विदेशी हैंडलर के इशारे पर काम कर रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, इस मॉड्यूल के पास से बेहद खतरनाक सामान बरामद हुआ है, जो बड़े हमले की तैयारी की ओर इशारा करता है। बरामदगी में 5 हैंड ग्रेनेड, 2 स्पेशल डेटोनेटर, पीटीटी टाइमर (कोडर-डिकोडर के साथ), 9 वोल्ट बैटरी, और करीब 1 किलो हाई एक्सप्लोसिव शामिल है, जिसे कीलों के साथ पैक किया गया था। इसके अलावा एक वॉकी-टॉकी और ट्रिगर मैकेनिज्म भी मिला है।

इस मामले में गुरदासपुर के कलानौर थाने में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसके पीछे कौन-कौन लोग हैं।

इससे पहले, पंजाब पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का भी भंडाफोड़ किया था। इस मामले में तीन आरोपियों और एक नाबालिग को पकड़ा गया था। इनके पास से 7 आधुनिक पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई थी।

जानकारी के अनुसार, ये आरोपी पाकिस्तान में बैठे तस्करों के संपर्क में थे और सोशल मीडिया के जरिए उससे बातचीत करते थे। इसके जरिए भारत के अटारी सेक्टर में अवैध हथियारों की सप्लाई की जा रही थी। हथियारों को पहले से तय जगहों पर गिराया जाता था, जहां से आरोपी उन्हें उठाकर पंजाब के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय अपराधियों तक पहुंचाते थे।

इस मामले में अमृतसर के छेहरटा थाने में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पंजाब पुलिस का कहना है कि वह राज्य में शांति, सुरक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 April 2026 2:50 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story