पंजाब में नशा विरोधी कार्यकर्ता की हत्या पर विपक्ष ने 'आप' सरकार को घेरा, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
चंडीगढ़, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब के मानसा में मंगलवार सुबह नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या के बाद पंजाब की विपक्षी दलों ने आम आदमी पार्टी सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा, "पंजाब में जंगल राज है। मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर झोटा की बेशर्मी से हत्या कर दी गई। हर दूसरे दिन हत्याएं हो रही हैं, गैंगस्टरवाद चरम पर है, नशा खुलेआम बेचा जा रहा है। कानून-व्यवस्था सिर्फ नाम की रह गई है।"
उन्होंने कहा, "बदलाव का दावा करने वाली 'आप' सरकार बताए, क्या यही आपका बदलाव है? सीएम भगवंत मान, पंजाबियों पर रहम करो, इस्तीफा दो और पंजाब को बख्श दो।"
वहीं, शिरोमणि अकाली दल के नेता दलजीत सिंह चीमा ने आईएएनएस से कहा, "नशे के खिलाफ लड़ाई तो भूल जाइए, हालात यहां तक पहुंच गए हैं कि एक केमिस्ट नशीले पदार्थ की बिक्री का विरोध करने पर गोली मार रहा है। केमिस्ट नशा बेच रहा है और विरोध करने वालों को अपनी दुकान के बाहर ही गोली मार रहा है। सोचिए तस्कर क्या कर रहे होंगे। इस सरकार का सत्ता में बने रहने का कोई मतलब नहीं है। यह दिन-ब-दिन पंजाब को भारी नुकसान पहुंचा रही है।"
उन्होंने कहा, "पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है और यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है। कई थानों और पुलिस चौकियों पर ग्रेनेड हमले हुए हैं। इंटेलिजेंस हेडक्वार्टर पर भी पहले रॉकेट लॉन्चर से हमला हुआ था। अमृतसर के एक यूट्यूबर की भी हाल ही में हत्या कर दी गई थी।"
बता दें कि मानसा में मंगलवार सुबह परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या के बाद नशे के खिलाफ अभियान चलाने वालों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, नशा विरोधी गतिविधियों को लेकर हुए विवाद के बाद एक मेडिकल स्टोर मालिक ने कार्यकर्ता पर गोली चला दी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Oct 2026 12:48 PM IST












