कतर हेलिकॉप्टर क्रैश में 6 की मौत, एक लापता गृह मंत्रालय

कतर हेलिकॉप्टर क्रैश में 6 की मौत, एक लापता गृह मंत्रालय
कतर में एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। रविवार को देश के गृह मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि हादसे में मारे गए 6 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक अब भी लापता है।

दोहा, 22 मार्च (आईएएनएस)। कतर में एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। रविवार को देश के गृह मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि हादसे में मारे गए 6 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक अब भी लापता है।

मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि देश के समुद्री इलाके में चलाए जा रहे सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान हेलिकॉप्टर में सवार 7 में से 6 लोगों का पता चल गया है। विभाग ने मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी है।

नोट के मुताबिक, विशेष टीमें अब भी लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई हैं। इससे पहले रक्षा मंत्रालय के अधिकारी ने बताया था कि यह हेलिकॉप्टर तकनीकी खराबी के कारण क्रैश हुआ था। हालांकि तब चालक दल और उसमें सवार लोगों को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई थी। बस इतना बताया गया कि कतर का हेलिकॉप्टर नियमित ड्यूटी के दौरान तकनीकी खराबी के बाद क्षेत्रीय समुद्री इलाके में क्रैश हो गया।

सैन्य संघर्ष के 23वें दिन हमलों और जवाबी कार्रवाई का दौर जारी है। इस बीच खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) ने ईरान के उन आरोपों को खारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि खाड़ी देश सैन्य कार्रवाइयों में शामिल हैं। जीसीसी महासचिव जासिम मोहम्मद अलबुदैइवी ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया।

इतना ही नहीं अलबुदैइवी ने ईरान पर आरोप लगाया कि वह खाड़ी देशों पर लगातार खुलेआम हमले कर रहा है, जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर और तेल प्रतिष्ठानों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है।

यह बयान ऐसे समय आया है जब खाड़ी देशों और ईरान के बीच तनाव तेजी से बढ़ रहा है। युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान पर आरोप है कि वह खाड़ी क्षेत्र में ऊर्जा और नागरिक ढांचे पर हमले कर रहा है, जबकि ईरान का कहना है कि वह सिर्फ अमेरिका के हितों को टारगेट कर रहा है। ईरान ने कुछ खाड़ी देशों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने अमेरिका को अपने क्षेत्रों का इस्तेमाल करने की खुली छूट दी।

रविवार को ही बहरीन ने बताया कि उसके रक्षा बल ने युद्ध शुरू होने के बाद से 145 मिसाइलों और 246 ड्रोन को इंटरसेप्ट करके नष्ट किया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 March 2026 3:24 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story