क्वींस क्लब में टॉमी पॉल ने दर्ज की लगातार 7वीं जीत

क्वींस क्लब में टॉमी पॉल ने दर्ज की लगातार 7वीं जीत
एचएसबीसी चैंपियनशिप में अमेरिका के टॉमी पॉल ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। पॉल ने गुरुवार को लंदन के क्वींस क्लब में बोटिक वैन डी जैंडशल्प को 7-6(5), 6-3 से शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

लंदन, 18 जून (आईएएनएस)। एचएसबीसी चैंपियनशिप में अमेरिका के टॉमी पॉल ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। पॉल ने गुरुवार को लंदन के क्वींस क्लब में बोटिक वैन डी जैंडशल्प को 7-6(5), 6-3 से शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

29 वर्षीय पॉल ने दूसरे दौर के कड़े मुकाबले को अपने नाम करते हुए ग्रास-कोर्ट एटीपी 500 इवेंट में अपनी जीत का सिलसिला सात मैचों तक बढ़ा दिया।

पिछले साल पॉल चोट के कारण इवेंट नहीं खेले थे, लेकिन रिकवरी के बाद खराब शुरुआत से उबरते हुए कई शानदार विनर्स लगाए और क्वार्टर फाइनल में वापसी पक्की की।

शुरुआती गेम में अपनी सर्विस गंवाने के बाद, पॉल एक तनावपूर्ण पहले सेट में फंस गए, जिसमें दोनों खिलाड़ियों के बीच सर्विस के चार ब्रेक हुए। हालांकि, आठवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने अहम मौकों पर अपना खेल बेहतर किया और दूसरे सेट में नियंत्रण बनाने से पहले टाई-ब्रेक में संयमित प्रदर्शन किया।

पॉल पेट में चोट के कारण 2025 के संस्करण में हिस्सा नहीं ले सके थे, लेकिन वापसी करते ही अपनी छाप छोड़ने में देर नहीं की। इन्फोसिस एटीपी विन/लॉस इंडेक्स के अनुसार, क्वींस क्लब में अमेरिकी खिलाड़ी का रिकॉर्ड अब शानदार 9-2 का हो गया है; उन्होंने 2024 का खिताब जीतने के रास्ते में शीर्ष-50 के पांच खिलाड़ियों को हराया था।

जीत के बाद टॉमी पॉल ने कहा, "मैं असल में बस अपने खेल पर ध्यान दे रहा था, न कि सामने वाले खिलाड़ी के खेल पर। मैंने बस अपनी पहली सर्विस सही करने की कोशिश की। मुझे लगता है कि आज मैं इसमें और बेहतर कर सकता था। मुझे नहीं लगता कि हम दोनों ने नेट पर खत्म होने वाले बहुत ज्यादा प्वाइंट्स खेले। ज्यादातर प्वाइंट्स बेसलाइन से खेले गए, लेकिन मुझे लगता है कि आज बॉल स्ट्राइकिंग अच्छी थी।"

पश्चिमी लंदन में क्वार्टर फाइनल में, पॉल का सामना चौथी वरीयता प्राप्त एलेजांद्रो डेविडोविच फोकिना से होगा, जिन्होंने कोरेंटिन मौटेट को 6-4, 6-3 से मात दी थी। यह मैच एक घंटे 39 मिनट तक चला। डेविडोविच फोकिना अब लेक्सस एटीपी हेड-टू-हेड सीरीज में फ्रांसीसी खिलाड़ी से 3-0 से आगे हैं।

कोरेंटिन मौटेट के बारे में डेविडोविच फोकिना ने कहा, "हम एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह जानते हैं, इसलिए किसी दोस्त के खिलाफ खेलना मुश्किल होता है। वह बहुत मजबूत खिलाड़ी हैं। आपको कभी पता नहीं चलता कि अगला शॉट क्या होगा। आज मौसम गर्म था, लेकिन मुझे पता था कि खुद पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 Jun 2026 11:26 PM IST

Tags

Next Story