राघोपुर नाव हादसा सीओ दीपक कुमार पर गिरी गाज, पातेपुर के अंचल अधिकारी को मिला प्रभार

राघोपुर नाव हादसा सीओ दीपक कुमार पर गिरी गाज, पातेपुर के अंचल अधिकारी को मिला प्रभार
बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में हुए नाव हादसे के बाद सीओ दीपक कुमार पर गाज गिरी है। मामले में जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए सीओ दीपक कुमार को हटा दिया। वैशाली के जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय ने यह जानकारी दी।

वैशाली, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में हुए नाव हादसे के बाद सीओ दीपक कुमार पर गाज गिरी है। मामले में जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए सीओ दीपक कुमार को हटा दिया। वैशाली के जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय ने यह जानकारी दी।

आदेश में कहा गया, "वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने अंचल संबंधी कार्यालयीय कार्यों के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राघोपुर अंचल की प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव किया है। प्रभात कुमार, अंचल अधिकारी, पातेपुर को उनके वर्तमान दायित्वों के अतिरिक्त अंचल अधिकारी, राघोपुर का प्रभार सौंपा गया है। उन्हें अविलंब प्रभार ग्रहण कर अंचल से संबंधित सभी कार्यों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।"

आदेश के अनुसार, राघोपुर के अधिसूचित अंचल अधिकारी दीपक कुमार को अगले आदेश तक जिला जन शिकायत कोषांग, वैशाली में प्रतिनियुक्त किया गया है। इसमें कहा गया कि जिला पदाधिकारी की ओर से जारी उक्त आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

बता दें कि हाल ही में वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में हुए नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत हो गई, जबकि छह लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह के अनुसार, मृतकों में नौ बच्चियां और चार बच्चे शामिल थीं। सभी की उम्र 15 वर्ष से कम थी।

बताया गया कि रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला में एक घर पर भोज का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए गांव के करीब 20 लोग एक छोटी और जर्जर नाव पर सवार होकर ढाब के दूसरी ओर जा रहे थे। इसी दौरान बीच पानी में पहुंचते ही नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव पर सवार लोग गहरे पानी में डूबने लगे। यह भी बताया गया कि संबंधित नाव का पहले भी परिचालन किया जा रहा था।

रेस्क्यू के दौरान सभी 13 शव बरामद किए गए। वहीं, छह लोगों को सुरक्षित निकालकर इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया। इनमें दो वयस्क पुरुष और चार बच्चियां शामिल हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 Oct 2026 2:06 PM IST

Tags

Next Story