राघोपुर नाव हादसे पर रामकृपाल यादव ने जताया दुख, कहा-'जल्द ही जांच कर सख्त कार्रवाई हो'
पटना, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से 13 लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे की जांच कराने, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और प्रत्येक पीड़ित परिवार को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष के नेता के निर्वाचन क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर उनसे प्रभावित परिवारों से मिलने की अपील की।
बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि राघोपुर इलाके में कुछ बच्चे दावत में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान गंगा नदी के बीच उनकी नाव अचानक डूब गई। उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, नाव में पहले से ही छेद था। इस दर्दनाक हादसे में 13 मासूमों की डूबने से मौत होने की खबर है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाए, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
मंत्री ने कहा कि प्रशासन शाम के बाद नावों के परिचालन की अनुमति नहीं देता है। इसके बावजूद नाव चलाया जाना नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने प्रशासन से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदारी तय करने और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही, उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने और उन्हें हरसंभव मदद पहुंचाने का आग्रह किया।
विपक्ष के नेता को लेकर रामकृपाल यादव ने कहा कि राघोपुर उनका निर्वाचन क्षेत्र है, इसलिए उन्हें वहां जाकर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि विपक्ष के नेता फिलहाल बाहर हैं और जल्द ही लौटकर प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे।
वहीं, मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह जनता का ध्यान आकर्षित करने के लिए संवैधानिक पदों को लेकर विवाद खड़ा कर रहा है। कोई संवैधानिक पदाधिकारी अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले इस्तीफा क्यों देगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राहुल गांधी को भाजपा से सीखने संबंधी बयान का समर्थन करते हुए रामकृपाल यादव ने कहा कि कांग्रेस नेता को भाजपा की कार्यशैली और चुनावी रणनीति से सीखना चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Oct 2026 12:00 PM IST












