राहुल गांधी बार-बार रिलॉन्च होने वाली मिसाइल, कभी टारगेट तक नहीं पहुंचते गजेंद्र सिंह शेखावत
जयपुर, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस और विपक्षी दलों के आंदोलनों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जो कुछ हो रहा है, वह लोकतांत्रिक भारत के लोकतंत्र के सामने सबसे बड़ा संकट पैदा करने का प्रयास है और इसे बहुत डिजाइन्ड तरीके से खड़ा किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आईएएनएस से कहा, "मैंने पहले भी अनेक बार कहा, आज फिर कहता हूं कि ये जो कुछ हो रहा है, जिसमें कांग्रेस पार्टी और अन्य विपक्षी पार्टियां भी सहभागी हो गई हैं, ये लोकतांत्रिक भारत के लोकतंत्र के सामने सबसे बड़ा संकट पैदा करने का प्रयास हो रहा है। और ये केवल जिनका अपने आप में नाम लिया, ये केवल उन तक सीमित नहीं है, ये बहुत डिजाइन्ड तरीके से इस आंदोलन को खड़ा करने की कोशिश की गई है। लेकिन ये भारत है, इसको आप बांग्लादेश बनाने की कल्पना भी नहीं कर सकते, ना परिदृश्य ऐसा है, ना परिस्थितियां ऐसी हैं और ना परिणाम ऐसे होंगे।"
राहुल गांधी के लगातार सड़कों पर रहने और डेलिगेशन के न मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन मौका परस्त लोगों का गठबंधन है। उन्होंने कहा, "इंडिया गठबंधन मौका परस्त लोगों का और ऐसे लोगों का जिनको जनता ने लोकतंत्र के समर में सर्वथा नकार दिया है, उन लोगों का मजबूरीवश बना हुआ गठबंधन है। प्रदेशों में चुनाव में लड़ते हैं और यहां आकर एकता दिखाने की कोशिश करते हैं, वहां एक-दूसरे के खिलाफ जहर उगलते हैं, यहां आकर हाथ पकड़ कर एक होने की कोशिश करते हैं।"
शेखावत ने कहा कि पिछले वर्षों में एक ही पैटर्न से अलग-अलग आंदोलन खड़े किए गए। "कभी राफेल को लेकर आंदोलन कर रहे होते हैं, कभी संविधान बचाने के नाम पर, कभी चुनाव आयोग के खिलाफ। इस तरह की सीरीज चलाते हैं, थोड़े दिन बाद उसे छोड़ कर नया विषय पकड़ लेते हैं। इसीलिए ये डिजाइन्ड तरीके से खड़े किए गए आंदोलन अपनी राजनीतिक विफलता को छुपा कर अपनी महत्वाकांक्षा को प्राप्त करने का माध्यम हैं।"
राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, "दुनिया में बहुत सारी चीजें नई आती हैं, लॉन्च होती हैं, वो लॉन्च होकर बड़ी होती हैं। फेसबुक पिछले बीस-पच्चीस साल में कहां से कहां पहुंच गया। स्पोर्ट्स में एमएस धोनी 2004 में आए और शिखर तक पहुंचे। फिल्म इंडस्ट्री में प्रियंका चोपड़ा बीस साल में कहां तक पहुंची। लेकिन कुछ लोग ऐसे होते हैं जो हर साल लॉन्च होने की कोशिश करते हैं और बार-बार रिलॉन्च होते रहते हैं। राहुल गांधी जी उस रिलॉन्च होने वाली मिसाइल हैं जो बार-बार रिलॉन्च होती है, कभी टारगेट तक पहुंचती नहीं।"
आमिर खान के भांजे इमरान खान को मुंबई पुलिस द्वारा देश छोड़ने के लिए कहे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, "तो उचित भी है। कोई भी विदेशी नागरिक आकर भारत में अगर किसी आंदोलन का हिस्सा बनता है या सरकार के खिलाफ, व्यवस्था के खिलाफ, संवैधानिक संस्थानों के खिलाफ आंदोलन करता है तो निश्चित रूप से भारत में आने पर उसका पहला दायित्व है कि वो स्थानीय विषयों में हस्तक्षेप ना करे। कानून अपना काम कर रहा है और करना भी चाहिए।"
सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन पर उन्होंने कहा, "ये व्यवस्था पहले भी थी, सिर्फ स्पष्टीकरण सुप्रीम कोर्ट ने दिया है। मुझे लगता है स्पष्टीकरण के लिए सुप्रीम कोर्ट का अभिनंदन करना चाहिए। राजस्थान में भी कई मामले देखने को मिले। पहले भी यही था और सुप्रीम कोर्ट ने उसका फर्दर स्पष्टीकरण कर दिया, इसलिए सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद है, अभिनंदन है।"
राजस्थान में पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस के प्रचार पर उन्होंने कहा, "उनको मैं शुभकामनाएं देता हूं, देर आए दुरुस्त आए। चुनाव में तो आए। लेकिन परिणाम मैं अभी बता देता हूं और परिणाम के बाद की प्रतिक्रिया क्या होगी, ये भी बता देता हूं। पहले कहते थे ईवीएम का दुरुपयोग हो गया, फिर कहते थे इलेक्शन कमीशन ने मैनेज कर लिया, पिछली बार कह रहे थे डिलिमिटेशन खराब हो गया है। अब की बार कहेंगे कि प्रशासनिक ताकत के आधार पर भाजपा चुनाव जीत गई। उनका ये स्टेटमेंट लोकतंत्र में व्यवस्था का अपमान नहीं है, वो मतदाताओं का अपमान है, उनके मंतव्य का अपमान है, उनके विवेक का अपमान है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Oct 2026 5:38 PM IST












