राहुल गांधी हमेशा भ्रामक और झूठे बयान देते हैं रामदास आठवले

राहुल गांधी हमेशा भ्रामक और झूठे बयान देते हैं  रामदास आठवले
केंद्रीय राज्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य रामदास आठवले ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमेशा भ्रामक और झूठे बयान देते हैं।

रायपुर, 9 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय राज्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य रामदास आठवले ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमेशा भ्रामक और झूठे बयान देते हैं।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को वडोदरा में थे, जहां उन्होंने युवा पीढ़ी को संबोधित किया और भारत सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया कि पिछले 12 सालों में देश विकास के रास्ते पर कैसे आगे बढ़ा है। इसके बावजूद विपक्ष कभी भी अच्छे कामों की सराहना करने का इरादा नहीं रखता। राहुल गांधी हमेशा झूठे बयान देते हैं।"

रामदास आठवले ने कहा, "राहुल गांधी हमेशा झूठी बातें करते हैं, इसलिए पीएम मोदी ने बताया है कि ऐसे लोगों की बातों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। भारत सरकार आपके लिए काम कर रही है। युवा, महिला, किसान और सभी लोगों को न्याय मिलना चाहिए, इसके लिए मौजूदा सरकार काम कर रही है। राहुल गांधी लोगों से झूठे वादे करने का प्रयत्न कर रहे हैं। इसलिए पीएम मोदी ने जेन-जी को वडोदरा के कार्यक्रम में बताया है कि ऐसे लोगों से सावधान रहें।"

केंद्रीय मंत्री ने अपने दौरे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा, "आज मैं छत्तीसगढ़ आया हूं। मेरा बिलासपुर में कार्यक्रम है, इसलिए मैं बिलासपुर जाऊंगा। उससे पहले हमने यहां सरकारी अधिकारियों को भी बैठक के लिए आमंत्रित किया है। हमारे सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की कई योजनाएं हैं और हम यह समझना चाहते हैं कि यहां इन योजनाओं के तहत क्या किया जा रहा है।"

उन्होंने कहा, "संविधान हमारे देश को डॉ. बीआर अंबेडकर ने दिया था और पूरा देश इसके सिद्धांतों के अनुसार चलता है। हमारा संविधान सभी धर्मों के लोगों - हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन, पारसी, लिंगायत और अन्य धर्मों के लोगों को समान न्याय प्रदान करता है। भारत का संविधान हर धर्म की रक्षा का प्रावधान करता है।"

आरक्षण के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आरक्षण भारत देश को मजबूत करने के लिए लाया गया था। उन्होंने कहा, "जब भारत का संविधान लिखने का वक्त आया था, तो बाबा साहेब अंबेडकर ने आरक्षण का जिक्र किया था। तब कुछ लोगों ने विरोध किया था, तो बाबा साहेब अंबेडकर ने बताया था कि देश को आगे बढ़ाना है तो लोगों को आरक्षण देने की आवश्यकता है। आरक्षण का फायदा हिंदू हो या मुस्लिम हो सभी को मिलता है। ऐसे में आरक्षण का विरोध करना ठीक नहीं है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 Sept 2026 10:51 AM IST

Tags

Next Story