राहुल गांधी को झारखंड में पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों से भी हमदर्दी होनी चाहिए भोला सिंह
नई दिल्ली, 9 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा सांसद भोला सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयागराज में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम में दिए बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश के युवाओं पर भरोसा रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह राहुल गांधी प्रयागराज पहुंचे, उसी तरह उन्हें झारखंड में पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच भी जाना चाहिए और उनके प्रति हमदर्दी व्यक्त करनी चाहिए।
नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भोला सिंह ने कहा कि राहुल गांधी यह भूल चुके हैं कि जब कोविड जैसी महामारी आई थी, तब देश की जनता को बचाने के लिए वैक्सीन बनाने का काम हमारे देश के युवाओं ने किया था। भारत के युवाओं पर हमारी पार्टी और सरकार को पूरा भरोसा है।
उन्होंने कहा कि आज देश के युवा जिस क्षेत्र में उन्हें अवसर मिलता है, वहां अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। खेल के मैदान में भी भारत के युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं और बेटे-बेटियां दोनों पदक जीतकर ला रहे हैं।
भाजपा सांसद ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी को हो सकता है युवाओं पर भरोसा न हो। वे हर चीज को राजनीति के नजरिए से देखते हैं। प्रयागराज तो पहुंचे, लेकिन झारखंड क्यों नहीं गए? क्या राहुल गांधी को वहां प्रदर्शन कर रहे युवाओं के प्रति संवेदना नहीं है? उनके साथ भी संवेदना होनी चाहिए।
भारत छोड़ो आंदोलन का जिक्र करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि 8 और 9 अगस्त का दिन देश के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि 8 अगस्त को महात्मा गांधी ने अंग्रेजों के खिलाफ ‘भारत छोड़ो’ का नारा दिया था। इसके बाद ब्रिटिश शासन ने कांग्रेस के कई नेताओं को गिरफ्तार कर लिया था।
उन्होंने कहा कि उस समय देश के सामने यह चुनौती थी कि नेता जेल में बंद हैं, लेकिन देश को आजादी चाहिए। आजादी के आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए देश के युवाओं, महिलाओं, किसानों और मजदूरों सहित समाज के सभी वर्गों ने इसमें हिस्सा लिया।
भोला सिंह ने कहा कि 9 अगस्त 1942 को देश में ऐसा माहौल बना, जिसमें भारत छोड़ो आंदोलन का संदेश जन-जन तक पहुंचा। उन्होंने कहा कि देशवासियों के सामूहिक संघर्ष की वजह से आखिरकार भारत को आजादी मिली। पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के बयान पर भोला सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल छात्रों के प्रदर्शन का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वे छात्रों के प्रदर्शन के जरिए राजनीति करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार ने दोबारा परीक्षा कराई और उसका परिणाम भी घोषित किया गया। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने किसी भी छात्र का नुकसान नहीं होने दिया। भोला सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सभी वर्गों के साथ खड़ी है और हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार रहती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहते हैं और सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में लोगों से फीडबैक लेते हैं। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका एकमात्र काम लोगों को गुमराह करना है, जबकि भाजपा और उसकी सरकार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने का काम कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Aug 2026 9:57 PM IST












