राहुल गांधी के फोन टैप वाले आरोप पर संजय निषाद बोले, जिनके तार विदेशों से जुड़े उन पर नजर रखना देश की जिम्मेदारी

राहुल गांधी के फोन टैप वाले आरोप पर संजय निषाद बोले, जिनके तार विदेशों से जुड़े उन पर नजर रखना देश की जिम्मेदारी
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैप कराने का आरोप लगाया है। इसके बाद से सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि राहुल गांधी की उम्र तो बढ़ी, लेकिन उनमें समझदारी की कमी हो गई है।

नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैप कराने का आरोप लगाया है। इसके बाद से सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि राहुल गांधी की उम्र तो बढ़ी, लेकिन उनमें समझदारी की कमी हो गई है।

मीडिया से बातचीत के दौरान हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने कहा कि लोकसभा चुने हुए प्रतिनिधियों के लिए बहस करने का मंच है, वहां वे या तो हंगामा करते हैं या वॉकआउट (सदन से बाहर चले जाना) करते हैं। उन्हें वहां अपनी बात रखने से कौन रोकता है। उन्हें अपनी बात रखनी चाहिए और अपना पक्ष सामने लाना चाहिए।

भाजपा एमएलसी श्रीकांत भारतीय ने कहा कि राहुल गांधी की उम्र तो बढ़ रही है, लेकिन उनकी समझदारी कम होती जा रही है। आमतौर पर, उम्र और अनुभव के साथ किसी नेता की राजनीतिक समझ बढ़ती है, लेकिन उनके मामले में तो इसका उल्टा ही हो रहा है। इसीलिए वे इस तरह के बचकाने बयान देते हैं। सारी बात रखनी है तो संसद में रखिए, सारे सबूत की बात करते हैं तो सदन में बात कीजिए, वहां चर्चा नहीं करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारत के 150 करोड़ लोगों के दिलों में बसते हैं। उन्हें किसी का फोन टैप करने की जरूरत नहीं है। भारतीय जनता पार्टी और हमारी सरकारें इस तरह के काम नहीं करती हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने कहा कि जिनके तार विदेशों से जुड़े हैं, उन पर नजर रखना देश की जिम्मेदारी है। पड़ोसी देशों में अस्थिरता को देखते हुए यह देश की सुरक्षा एजेंसियों की जिम्मेदारी है कि वे सुनिश्चित करें कि यहां कोई अस्थिरता न फैलाए।

भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कहा कि जब भी विपक्ष के नेता या कांग्रेस पार्टी घिर जाती है, तो वे कोई नया हथकंडा अपना लेते हैं। कभी वे दावा करते हैं कि उन्हें संसद में बोलने नहीं दिया जा रहा है, तो कभी कहते हैं कि उनकी आवाज दबाई जा रही है। अब यह नया हथकंडा इसलिए सामने आया है, क्योंकि उनके बाकी सभी पुराने हथकंडे फेल हो चुके हैं। 'वोट चोरी' का अभियान फेल हो गया। विदेशों में जाने को लेकर जो नैरेटिव था, वह पूरे देश में फैल गया। इसलिए मुझे लगता है कि जब विपक्ष के नेता इस तरह के बयान देते हैं तो थोड़ी गंभीरता होनी चाहिए।

भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि जिनकी रगों में भ्रष्टाचार भरा है, वे सम्मानित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप तो लगा सकते हैं, लेकिन जब उन्हें साबित करने की बात आएगी तो वे फिर कुछ साबित नहीं कर पाएंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story