सेहत बिगड़ी: विषैले बीज बने मासूमों के लिए कहर, 8 बच्चे फूड पॉइजनिंग के शिकार, 4 वर्षीय बच्ची की मौत

विषैले बीज बने मासूमों के लिए कहर, 8 बच्चे फूड पॉइजनिंग के शिकार, 4 वर्षीय बच्ची की मौत
  • माता-पिता मजदूरी के लिए गए थे पंढरपुर, दादा-दादी के पास छोड़े थे बच्चे
  • खेलते समय अरंडी के बीज खाने से एक ही परिवार के 8 बच्चों की बिगड़ी तबीयत
  • 5 लड़के और 3 लड़कियां अस्पताल में भर्ती, एक बालक की हालत गंभीर

डिजिटल डेस्क, धुलिया. नंदुरबार जिले की धडगांव तहसील के मोदलपाड़ा गांव में अरंडी के बीज खाने से एक ही परिवार के 8 मासूम बच्चे विषबाधा का शिकार हो गए। इनमें 4 वर्षीय बच्ची निर्मला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि एक बालक की हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, बच्चों के माता-पिता मजदूरी के लिए पंढरपुर गए हुए थे। उन्होंने अपने 8 बच्चों को दादा-दादी के पास छोड़ा था। घटना के समय दादी पालतू पशुओं को चराने के लिए बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान घर के आसपास खेलते समय 5 लड़कों और 3 लड़कियों ने अरंडी के बीज खा लिए। कुछ देर बाद बच्चों को उल्टियां होने लगीं और कुछ बच्चे बेहोश हो गए।


अस्पताल पहुंचाया

दोपहर में दादी घर लौटीं तो बच्चों की हालत देखकर घबरा गईं। उन्होंने तत्काल सभी बच्चों को ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, 4 वर्षीय निर्मला को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, मनोज नामक बालक की हालत चिंताजनक होने के कारण उसे नंदुरबार जिला शासकीय अस्पताल रेफर किया गया है।

अन्य बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। सभी बच्चों की उम्र 4 से 8 वर्ष के बीच है। एक ही परिवार के 8 बच्चों के विषबाधा का शिकार होने और एक मासूम की मौत से मोदलपाड़ा गांव में मातम पसरा हुआ है।


Created On :  

Tags

Next Story